जागरण संवाददाता, मेरठ : दिल्ली रोड की यातायात व्यवस्था रामभरोसे है। आए दिन बदइंतजामी के जाम से लोग हलकान रहते हैं। मंगलवार शाम रैपिड के कर्मचारियों ने मेवला फ्लाईओवर पर दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया, जिसके बाद दोनों तरफ का यातायात एक साइड में आ गया। इसके बाद तो भीषण जाम लग गया। कई किमी तक वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया।

अचानक बंद किया मेवला फ्लाईओवर, भीषण जाम

जाम का झाम लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। ऐसा कोई दिन नहीं होता, जब लोग दो-चार ना होते हों। दिल्ली रोड पर तो दिनभर रफ्तार पर ब्रेक लगा रहता है। मंगलवार शाम रैपिड के कर्मचारियों ने थाना और ट्रैफिक पुलिस को सूचना दिए बगैर मेवला फ्लाईओवर पर दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया, जिसके बाद एक ही तरफ वाहन चलने लगे। देखते ही देखते जाम लगना शुरू हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर के साथ ही शाप्रिक्स माल तक वाहनों की कतार लग गई।

कंट्रोल रूम को फोन पहुंचे तो टीपीनगर थाना प्रभारी संतशरण सिंह, ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी और पीआरवी-फैंटम पर तैनात सिपाही भी पहुंच गए। उन्होंने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस दौरान कुछ वाहन सड़क किनारे भी खड़े थे, जिनकी वजह से यातायात प्रभावित हो रहा था। उनका चालान भी किया गया। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बिना बताए रास्ता बंद करना गलत है। इस संबंध में रैपिड के अफसरों से बातचीत की जाएगी, ताकि दोबारा से बिना बताए रास्ता बंद न हो।

नाला निर्माण से लगा जाम

बता दें जिला अस्पताल के सामने नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके चलते मंगलवार को जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक और थाना पुलिसकर्मी पहुंचे और यातायात सुचारु कराया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे से नाला निर्माण का कार्य शुरू हो गया था। निगम के अधिकारियों ने एक तरफ का कुछ हिस्सा बंद कर दिया था, जिससे जाम लगता चला गया। वाहनों की कतार एक ओर घंटाघर तो दूसरी ओर छतरी वाले पीर तक पहुंच गई। सूचना पर ट्रैफिक और थाना पुलिसकर्मी पहुंचे। इसके बाद कुछ देर के लिए छतरी वाले पीर से घंटाघर की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर जली कोठी से निकाला गया, वहीं घंटाघर की ओर से भी वाहनों को रोककर देहली गेट थाने के सामने से निकाला गया। स्थिति सामान्य होने के बाद ही रास्ता खोला गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Edited By: Nirmal Pareek