कम आय वर्ग के लिए अच्छी खबर: मेरठ विकास प्राधिकरण EWS व LIG प्लाॅट-मकान का निकालेगा लकी ड्रॉ, पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन
Meerut News: मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) कम आय वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस और एलआईजी प्लाट, भवन व फ्लैट आवंटित करेगा, ये संपत्तियां 'जहां है, जैसा हैं' के आधार पर मिलेंगी।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
जहां है जैसा है के आधार पर आवंटित की जाएंगी संपत्तियां।
पंजीकरण 23 अक्टूबर से 21 नवंबर तक ऑनलाइन-ऑफलाइन होगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अपना घर या प्लाट खरीदने का इंतजार कर रहे कम आय वर्ग के लोगों के लिए खुशखबर है। मेरठ विकास प्राधिकरण अपनी पांच आवासीय योजनाओं में 27 ईडब्ल्यूएस और 59 एलआइजी प्लाट, भवन और फ्लैट आवंटित करेगा। कुल 86 संपत्तियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण 23 अक्टूबर से शुरू होंगे जाेकि 21 नवंबर तक चलेंगे।
मेडा (Meerut Development Authority) इसका आवंटन जहां है, जैसा है के आधार पर करेगा यानी कोई फ्लैट या भवन क्षतिग्रस्त है तो उसी स्थिति में उसे खरीदना पड़ेगा। इसलिए आवेदन से पहले मौके पर जाकर संपत्ति देख लेना समझदारी होगी। इनकी कीमत पंजीकरण पुस्तिका प्रकाशित होने पर सार्वजनिक की जाएगी।
ईडब्ल्यूएस के अंतर्गत श्रद्धापुरी फेस-वन में 14 प्लाट, लोहिया नगर में नौ प्लाट,श्रद्धापुरी फेस-टू में एक भवन व गंगानगर में तीन फ्लैट हैं। एलआइजी के अंतर्गत गंगानगर में दो प्लाट व एक भवन, श्रद्धापुरी फेस टू में चार फ्लैट,सैनिक विहार में दो भवन, शताब्दीनगर में 24 प्लाट, पल्लवपुरम में दो प्लाट, लोहियानगर में 24 प्लाट हैं।
ईडब्ल्यूएस यानी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवार की सालाना आय अधिकतम तीन लाख रुपये मानी जाती है। वहीं एलआइजी यानी निम्न आय वर्ग के परिवार की सालाना आय तीन लाख से छह लाख रुपये के बीच मानी जाती है।
मेडा की सभी योजनाएं शहर के विकसित इलाकों में हैं, जहां सड़क, बाजार और स्कूल जैसी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। गौरतलब है कि दो साल पहले भी ईडब्ल्यूएस व एलआइजी के प्लाट आवंटित किए गए थे। हालांकि तब उसमें भवन व फ्लैट शामिल नहीं थे।
