मेरठ में स्कूल की वीडियो वायरल करने पर FIR दर्ज, विभाग और सरकार की छवि बिगाड़ने का लगाया आरोप
Meerut News: मेरठ में खंड शिक्षा अधिकारी ने एक स्कूल के बारे में सोशल मीडिया पर गलत वीडियो वायरल करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

HighLights
खंड शिक्षा अधिकारी नगर ने दर्ज कराई रिपोर्ट।
जर्जर स्कूल को बंद हुए कई साल हो चुके हैं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। नौचंदी ग्राउंड के तिरंगा गेट के पास स्थित नानक चंद ट्रस्ट जूनियर हाईस्कूल की सोशल मीडिया पर गलत वीडियो वायरल करने पर थाना नौचंदी पर खंड शिक्षा अधिकारी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें संस्था, बेसिक शिक्षा विभाग व सरकार की छवि बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाली की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है।
सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर चार दिन पहले एक वीडियो वायरल की गई। आम आदमी पार्टी के नाम से जारी इस वीडियो में यूपी सरकार पर तंज कसते हुए शिक्षा के अधिकार के हनन का आरोप लगाया गया।
वीडियो बना रहे युवक इस स्कूल को दिखाते हुए कह रहा है कि यह मुस्लिमों व गरीब बच्चों का स्कूल है, इसलिए प्रदेश सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। किसी भी दिन यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
23 सेकेंड का यह वीडियो प्रसारित होते ही इसे शासन स्तर पर गंभीरता से लिया गया। इस मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जांच की गई तो पता चला वीडियो नौचंदी के तिरंगा गेट के पास स्थित नानक चंद ट्रस्ट जूनियर हाई स्कूल का है।
यह विद्यालय जर्जर होने के कारण कई साल पहले बंद कर दिया गया था। यहां न तो बच्चे पढ़ते है और न ही इसका किसी रूप में प्रयोग किया जाता है।
पूरे मामले से शासन को अवगत कराया गया। इस पर सरकार, विभाग व संस्था की छवि बिगाड़ने वाले आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया गया। इसी क्रम में शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश सिंह ने थाना नौचंदी पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
10 साल की बालिका को उठाकर ले जाते युवक की पिटाई, पुलिस को सौंपा
मेरठ: लिसाड़ी गेट की एक कालोनी में 10 साल की बालिका सड़क पर खेल रही थी। इसी दौरान शालीमार गार्डन निवासी फिरोज बच्ची को उठाकर सुनसान स्थान की ओर ले जाने लगा। आसपास के लोगों ने उसे देख लिया। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आरोपित को घेर लिया। वह बालिका को छोड़कर भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ लिया और धुनाई की। लिसाड़ी गेट पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया है।
