मेरठ में दुकान और 10 साल से बंद मकान में लगी आग, मची अफरातफरी
Meerut News : मेरठ के माधवपुरम में एक दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर राख ...और पढ़ें

माधवपुरम सेक्टर-1 मार्केट स्थित दुकान में लगी आग।
HighLights
माधवपुरम स्थित दुकान में लाखों रुपये का सामान जलकर राख।
प्रहलाद वाटिका में बंद मकान के किचन में लगी आग।
जागरण संवाददाता, मेरठ। ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-1 मार्केट स्थित इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान में शाॅर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
माधवपुरम सेक्टर-1 मार्केट में शुभम जैन की अरिहंत इलेक्ट्रिकल्स के नाम से दुकान है। सोमवार देर रात अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान स्वामी और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा इलेक्ट्रिकल सामान, वायर, उपकरण और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि दुकान से निकल रही लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने से व्यापारी को लाखों रुपये के नुकसान का हुआ है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
प्रहलाद वाटिका में 10 वर्ष से बंद मकान में लगी आग
उधर कोतवाली क्षेत्र के प्रहलाद वाटिका बुढाना गेट पर 10 वर्षों से बंद मकान के किचन में सोमवार रात को अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। पुलिस के अनुसार प्रहलाद वाटिका में कृष्ण प्राण सेठ का मकान है। उनकी मौत हो चुकी है। उनकी दो बेटियां गुड़गांव में रहती हैं। प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। आग से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
