विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में मॉर्निंग वॉक को गई बुजुर्ग महिला की लूट के बाद ईंट से कूचकर हत्या

By Lokesh Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 14 Sep 2026 06:25 AM (IST)

Meerut News: मेरठ में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की लूट के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. बुरी तरह कुचला था चेहरा, स्वजन ने किया हंगामा

  2. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में।

संवाद सूत्र, हस्तिनापुर (मेरठ)। मॉर्निंग वॉक के लिए निकली 65 वर्षीय महिला की मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर लूट के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका चेहरा बुरी तरह ईंट से कूचा गया। इसके बाद शव निर्माणाधीन दुकानों में फेंककर हत्यारोपित फरार हो गए।

महिला का शव बरामद होने पर स्वजन ने जमकर हंगामा किया और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने किसी तरह समझाकर स्वजन को शांत किया और शव मर्चरी भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। एसपी अभिजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

गणेशपुर निवासी 65 वर्षीय बिमला देवी पत्नी सुरेश चंद रविवार सुबह छह बजे रोज की तरह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटीं तो स्वजन ने तलाश शुरू की। दोपहर में मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे निर्माणाधीन दुकानों में बिमला का शव मिला। स्वजन मौके पर पहुंचे तथा शव की पहचान की।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बिमला का चेहरा बुरी तरह किसी भारी वस्तु से कूचा गया था। माना जा रहा है कि ईंट से कूचकर बिमला की बेरहमी से हत्या की गई। चेहरे के अलावा उनके शरीर पर और कोई चोट का निशान नहीं था। स्वजन ने बताया कि बिमला के कान में पहनी बाली, पायल व गले में पहना सोने का ताबीज गायब है।

माना जा रहा है कि जेवरात लूटने के बाद बिमला की हत्या कर शव दुकान में फेंका गया। स्वजन ने बिमला की हत्यारोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव मर्चरी भेजने का प्रयास किया तो स्वजन ने शव नहीं उठाने दिया। सीओ मवाना पंकज लवानिया कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।

स्वजन को घटना के जल्द राजफाश का आश्वासन देकर शांत किया। सीओ का कहना है कि महिला के चेहरे पर चोट के निशान है। अभी तहरीर नहीं मिली है। एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध को चिंहित किया है। उनकी तलाश की जा रही है।