मेरठ: बेगमपुल पर जाम बरकरार, बाजारों को पार्किंग का इंतजार; अतिक्रमण की चपेट में है चौराहा
Meerut News: मेरठ के बेगमपुल, बच्चा पार्क रोड और पीएल शर्मा रोड के बाजारों में व्यापारी लगातार जाम और पार्किंग ...और पढ़ें

HighLights
बेगमपुल बाजारों में जाम और पार्किंग की कमी से व्यापारी परेशान।
अतिक्रमण, अव्यवस्थित ट्रैफिक बेगमपुल चौराहे पर जाम की मुख्य वजह।
दिलीप पटेल, मेरठ। व्यवस्थित बाजार की चौथी कड़ी में दैनिक जागरण की टीम बेगमपुल-बच्चा पार्क रोड व पीएल शर्मा रोड के बाजार में पहुंची। व्यापारियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि नगर निगम और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी बार-बार आश्वासन देते रहे, लेकिन न तो बेगमपुल चौराहे को जाम से निजात दिलाने के लिए कुछ किया गया और न ही पार्किंग बनाई गई।
इससे दोनों बाजार जूझ रहे हैं। सामान्य दिनों की तुलना में त्योहार पर रोजाना शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक बेगमपुल चौराहे से दोनों बाजारों में प्रवेश करना बड़ी चुनौती होती है।
बाजार में यह खास
पीएल शर्मा रोड एक ओर बेगमपुल चौराहे से जुड़ा है तो दूसरी ओर वेस्टर्न कचहरी रोड से। यहां कंप्यूटर, लैपटाप, आइटी हार्डवेयर और इलेक्ट्रानिक उपकरणों का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र है। कोचिंग सेंटर भी खूब हैं। बेगमपुल से बच्चा पार्क रोड बाजार प्रमुख बाजारों में से एक है। यहां ज्वैलरी के ब्रांडेड शोरूम भी हैं। खानपान और स्ट्रीट फूड की दुकानें भी हैं।
दीर्घकालिक समस्याएं
- लाल बुक डिपो से बच्चा पार्क चौराहे तक नवनिर्मित नाले का मिलान नहीं किया गया। बरसात में जलभराव होता है।
- चकबंदी रोड, बेगमबाग रोड और तिलक रोड बेगमपुल बाजार के संपर्क मार्ग हैं। तीनों जर्जर हैं। बाजार तक पहुंचना मुश्किल है।
- पीएल शर्मा रोड पर पैदल चलने के लिए फुटपाथ नहीं हैं। एक भी शौचालय नहीं है। व्हाइट टापिंग रोड बनाई जाए।
- आबू नाले के किनारे और जीआइसी के सामने वाहनों की पार्किंग की मांग है। कम से कम 500 वाहनों की पार्किंग की जरूरत है।
- बेगमपुल चौराहा अतिक्रमण की चपेट में है। बस स्टाफ और ई-रिक्शा स्टैंड निर्धारित नहीं है, जो जाम की मुख्य वजह हैं।
त्वरित निदान वालीं समस्याएं
- त्योहार पर जाम कम करने के लिए बेगमपुल की ओर दयानंद नर्सिंग होम वाली रोड होकर कचहरी तक और कचहरी की ओर से पीएल शर्मा रोड पर वनवे कर दिया जाए।
- दोनों बाजारों में खुले मैनहोल ढके जाएं। बेगमपुल रोड का शौचायल बन चुका है। उसका संचालन शुरू किया जाए। सफाई रात में भी हो। बंद-खराब लाइटें सुधारी जाएं।
इन्होंने कहा--
गंगा प्लाजा से लेकर लाल बुक डिपो तक जीआइसी की दीवार से सटे अतिक्रमण को हटाकर यहां पार्किंग विकसित कर दी जाए तो कम से कम 100 कारें खड़ी हो सकती हैं। इससे बाजार में जाम की समस्या कम होगी।
देवेंद्र गोयल, अध्यक्ष, बेगमब्रिज व्यापार संघ
बेगमपुल रोड के बाजार में दुकानों के बाहर बिजली के तारों का जंजाल है। शार्ट सर्किट की वजह से कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। बिजली लाइन को भूमिगत किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
पुनीत शर्मा, महामंत्री, बेगमपुल व्यापार संघ
नगर निगम से शिकायत है, जिस तरीके की व्यवस्था बाजार में होनी चाहिए वह नहीं है। डेढ़ हजार दुकानदार, उनमें काम करने वाले और दिनभर ग्राहकों की भीड़ होती है। यहां एक भी शौचालय नहीं है। ट्रैफिक पुलिस सड़क पर वाहन खड़े करने पर चालान काट देती है। पहले पार्किंग व अन्य सुविधाएं दें, फिर चालान करें।
संजय गोयल, अध्यक्ष पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ
मोदीपुरम से मेट्रो पकड़कर पीएल शर्मा रोड पर कोचिंग पढ़ने आता हूं। बेगमपुल रोड, चौराहा क्रास करना और सड़क पर वाहनों के बीच पैदल चलना मुश्किल होता है। फुटपाथ नहीं हैं। रोड पटरी पर वाहन खड़े रहते हैं।
चित्रांश, छात्र
बेगमपुल रोड पर फुटपाथ, बिजली लाइन भूमिगत करना, नाले बनाने और आधुनिक लाइटों को लगाने का काम त्योहार के बाद शुरू होगा। बेगमपुल चौराहे को भारत माता चौक के रूप में स्थापित करने, चौराहे का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का डिजाइन तैयार है। आबू नाले के किनारे मैकेनाइज्ड पार्किंग बनाने की कार्ययोजना भी है। चरणबद्ध सभी काम होंगे।
सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त
बेगमपुल चौराहा, पीएल शर्मा रोड और बेगमपुल रोड पर जाम न लगे। इसके लिए ट्रैफिक सिपाही तैनात रहते हैं। चौराहे पर सवारी उतारने-बैठाने वालों के चालान किए जाएंगे। ई-रिक्शा वालों पर शिकंजा कसा जाएगा।
राजेश श्रीवास्तव, एसपी यातायात
