'लड़की पैदा कर दी, अब इसकी शादी को दहेज कौन देगा' बेटी पैदा होने पर महिला को मिले ताने, दहेज भी मांगा, पति समेत 8 पर केस
Meerut News: मेरठ में बेटी पैदा होने पर ताने देने और दहेज मांगने के आरोप में पति समेत आठ ससुरालजन ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बेटी के जन्म के बाद और अधिक उत्पीड़न का आरोप।
दहेज के लिए भी प्रताड़ित करने का लगाया आरोप।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। बेटी पैदा होने पर ताने देने, दहेज की मांग करने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पति समेत आठ ससुरालजन पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने बेटी के जन्म के बाद उसका और अधिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। दहेज के नाम पर रुपये लाने का दबाव बनाते हुए घर से निकालने की धमकी दी।
कंकरखेड़ा क्षेत्र में गांव जंगेठी निवासी शोभा शर्मा ने दर्ज कराए मुकदमें में बताया कि उसकी शादी 10 मई 2024 को सरधना क्षेत्र के पौहल्ली गांव निवासी अंकुश शर्मा से हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए, जिनमें लगभग सात लाख के सोने-चांदी के आभूषण, छह लाख रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान दिए गए थे।
19 मार्च 2025 को बेटी के जन्म के बाद सास बबली देवी ताने देने लगीं कि 'लड़की पैदा कर दी। अब तेरी इस लड़की की शादी के लिए दहेज कौन देगा।' पीड़िता ने पति अंकुश से मामले बताया, मगर वह भी अपने स्वजन का पक्ष लेता। देवर विशाल, ससुर योगेश, सास बबली देवी और अन्य ससुरालीजनों पर मारपीट, भोजन नहीं देने तथा बच्ची के इलाज में बाधा डालने के आरोप भी लगाए।
पीड़िता ने कहा कि ससुराल पक्ष की मांग पर मायके वालों ने अलग-अलग तारीखों में कुल पांच लाख रुपये दिए। इसके बावजूद उत्पीड़न जारी रहा। 10 मई 2026 को शादी की सालगिरह पर पति ने कथित तौर पर एक लाख रुपये नकद, चांदी का कड़ा और सोने का मंगलसूत्र लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर पीड़िता को धमकाया गया।
शोभा ने 7 सितंबर 2026 को पुलिस से शिकायत की थी। कंकरखेड़ा पुलिस ने पति अंकुश शर्मा, ससुर योगेश शर्मा, सास बबली देवी, जेठानी संगीता शर्मा, जेठ रोबिन, देवर विशाल, ननद प्रिया और अमित शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि नामजद केस दर्ज है, आगे की जांच की जा रही है।
