मेरठ: पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की फैक्ट्री में डकैती डालने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली लगी
मेरठ में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की फैक्ट्री में डकैती डालने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए, पुलिस मुठभेड़ में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
काली नदी लिंक रोड पर असलाह बरामद करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग।
अन्य मामले में 12 लाख के मीट से भरी गाड़ी को कब्जे में लेकर लूटपाट, चालक को दी हत्या की धमकी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की अल्लीपुर ग्राम में बंद पड़ी फैक्ट्री अल फहीम मीटेक्स में गार्ड को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तीनों ने असलाह बरामदगी के दौरान काली नदी लिंक रोड पर पुलिस पर बरामद तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने .315 बोर के तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि एक सूचना के बाद लोहियानगर थाना पुलिस ने पूर्व मंत्री की फैक्ट्री में डकैती डालने वाले दानिश उर्फ चाचा पुत्र शमशाद व शहजाद उर्फ भूरा पुत्र कलाम निवासी ग्राम नाहल मसूरी गाजियाबाद तथा रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू पुत्र चांद अली निवासी अमन कालोनी घंटाघर कोतवाली गाजियाबाद को हापुड़ रोड पर खत्ता रोड से गिरफ्तार किया था।
आरोपितों ने पूछताछ में घटना में प्रयुक्त तमंचे हाजीपुर- अल्लीपुर, निर्माणाधीन लिंक रोड काली नदी पर छिपाने की बात कही। तीनों आरोपितों को लेकर पुलिस काली नदी पहुंची।
बरामदगी के दौरान आरोपितों ने छिपाए तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिए। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से दानिश उर्फ चाचा के बाये पैर में गोली लगी। उसे पीएल शर्मा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपितों पर विभिन्न जनपदों में दर्जनों लूट व डकैती के मामले दर्ज है।
12 लाख के मीट से भरी गाड़ी को कब्जे में लेकर लूटपाट, चालक को दी हत्या की धमकी
मेरठ : कैराना से हापुड़ जा रहे 12 लाख रुपये मूल्य के मीट से लदे वाहन को रास्ते में अगवा कर मेरठ लाया गया। चालक को जान से मारने की धमकी देकर मीट उतरवा लिया गया। मीट व्यापारी ने मेरठ के बनी सराय निवासी अदनान, अफाक, फरदीन और अल्तमस के खिलाफ लूट और हत्या की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है।
मौहल्ला अन्सारियान निवासी मीट व्यापारी तनवीर पुत्र अब्दुल कय्यूम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने 22 सितंबर की रात करीब 12:55 बजे वाहन संख्या यूपी-19 एटी-6951 से मीट हापुड़ भेजा था। वाहन का चालक साजिद पुत्र खुर्शीद था। आरोप है कि मीट फैक्ट्री से कुछ आगे पहुंचने पर अदनान अपने दो अज्ञात साथियों के साथ रास्ते में खड़ा था। उसने वाहन को रुकवाया और उसे हापुड़ अड्डा मेरठ की ओर ले गया। आरोपितों ने चालक को डराकर वाहन में लदा मीट मेरठ में अपने ठिकाने पर उतरवा लिया। व्यापारी ने आरोप लगाया कि इस घटना में आफाक और उसके दो पुत्र फरदीन व अल्तमस भी शामिल थे। चालक को घटना की जानकारी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित व्यापारी ने पहले मेरठ पुलिस को और फिर कैराना पुलिस को घटना की जानकारी दी। एडीजी भानु भास्कर के हस्तक्षेप के बाद कैराना कोतवाली में चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। शामली पुलिस की टीम ने देर रात आरोपितों को पकड़ने के लिए दबी डाली।
