मेरठ में एक नवंबर से होने जा रहा बड़ा बदलाव, टेंपो व ई-रिक्शा की जगह होगी तय... नियम टूटा तो होगा चालान
मेरठ में व्यवस्थित बाजार अभियान के तहत नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें 1 ...और पढ़ें

कंकरखेड़ा के इशिका फार्म हाउस में दैनिक जागरण के व्यवस्थित बाजार कार्यक्रम में मौजूद व्यापारी और पुलिस व नगर निगम के अधिकारी। जागरण।
HighLights
टेंपो और ई-रिक्शा के लिए 1 नवंबर से स्थान तय।
चौराहे पर सवारी उतारने पर पुलिस करेगी चालान।
फ्लाईओवर के नीचे से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दैनिक जागरण के व्यवस्थित बाजार अभियान के तहत सोमवार को दांतल रोड स्थित इशिका फार्म हाउस में नगर निगम, पुलिस अधिकारियों और कंकरखेड़ा क्षेत्र के व्यापारियों की बैठक हुई। व्यापारियों की मांग पर अधिकारियों ने तय किया कि दीपावली से पहले, एक नवंबर से कंकरखेड़ा के शिव चौक और सरधना बाइपास से करीब 100 मीटर दूर टेंपो-ई-रिक्शा खड़े कराए जाएंगे। चौराहे के बीच सवारी उतारने या बैठाने पर पुलिस चालान करेगी।
कंकरखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे ठेले लगाकर किए गए अतिक्रमण को पुलिस और नगर निगम संयुक्त अभियान चलाकर हटाएंगे। ठेले हटाकर फ्लाईओवर के नीचे से गुरुनानक बाजार जाने का रास्ता खाली कराया जाएगा। दीपावली के दौरान जाम वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगेगी और पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
बैठक में सीओ दौराला शिव ठाकुर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमर सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह, कंकरखेड़ा क्राइम इंस्पेक्टर योगेश चंद्र और कस्बा चौकी प्रभारी अजीत शाक्य ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। कंकरखेड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष नीरज मित्तल, पूर्व पार्षद राजेश खन्ना और नरेंद्र चौधरी सहित छोटा बाजार, बड़ा बाजार, सरधना रोड और खिर्वा रोड के कई व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। गुरुनानक बाजार के व्यापारी करन ग्रोवर ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे ठेले खड़े होने से बाजार जाने का रास्ता बाधित रहता है।
पूर्व पार्षद राजेश खन्ना ने कहा कि नगर निगम ने फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग बनाई है। इसका ठेका जारी होने पर पार्किंग व्यवस्थित हो सकती है। फिलहाल वाहन मनमाने तरीके से खड़े किए जा रहे हैं। व्यापारी गणेश अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली-दून हाइवे पर सरधना रोड में फल और खानपान के ठेले रास्ता रोकते हैं, जिससे दुर्घटना और जाम का खतरा रहता है। त्योहारों पर लोग घंटों परेशान होते हैं।
खिर्वा रोड और शिव चौक के व्यापारियों ने कहा कि दो दिन पहले दांतल रोड से अतिक्रमण हटाते समय कुछ घरों के सामने के रैंप तोड़े गए, लेकिन रामकुमार गेट के पास सड़क पर गिट्टी-मुरूम और रेत के ढेर लगाकर निर्माण सामग्री बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने समान कार्रवाई की मांग की। सीओ दौराला ने कहा कि टेंपो-ई-रिक्शा को चौराहे से 100 मीटर दूर खड़ा कराने की व्यवस्था एक नवंबर से लागू होगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मंगलवार से बाजार खुलने से पहले सफाई सुनिश्चित की जाएगी और अतिक्रमण हटाने में ट्रैफिक पुलिस सहयोग करेगी।
