294 हेक्टेयर में आकार लेगी मेरठ की हाईटेक न्यू टाउनशिप, मोहिउद्दीनपुर-सिवालखास समेत कोई मुख्य सड़क बंद नहीं करेगा मेडा
Meerut News: मेडा मेरठ में मोहिउद्दीनपुर सहित चार गांवों की 294 हेक्टेयर भूमि पर एक नई टाउनशिप विकसित करेगा। इस ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
दिल्ली रोड किनारे मेरठ विकास प्राधिकरण विकसित करेगा प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप
मोहिउद्दीनपुर, कायस्थ गांवड़ी, इकला, छज्जूपुर की भूमि शामिल, रजवाहा और मुख्य सड़कें यथावत रहेंगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली रोड पर मोहिउद्दीनपुर समेत चार गांव कायस्थ गांवड़ी, इकला व छज्जूपुर की भूमि खरीदकर मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) न्यू टाउनशिप विकसित करेगा। 294 हेक्टेयर में विकसित होने वाली इस टाउनशिप के बीच रजवाहा बहता रहेगा तो वहीं इसी के बीच से मोहिउद्दीनपुर-सिवालखास रोड भी गुजरेगी।
मोहिउद्दीनपुर- छज्जपुर रोड का भी अस्तित्व बरकरार रहेगा। न्यू टाउनशिप के लिए जो भूमि खरीदी जा रही है उसमें रजवाहा और गांवों को जोड़ने वाली सड़कें भी हैं। बड़े क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित किए जाने के कारण गांवों व आसपास क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों को न्यूटाउनशिप के कारण बंद नहीं किया जाएगा।
रजवाहा भी बंद नहीं किया जा सकता इसलिए उसको भी इसी रूप में रखा जाएगा। इन सड़कों व रजवाहे को देखते हुए टाउनशिप का विकास कार्य होगा। हालांकि टाउनशिप के अंदर जो सड़कें रहेंगी उसकी चौड़ाई बढ़ाई जाएगी।
इसी तरह से टाउनशिप के अंदर से गुजरने वाले रजवाहे के हिस्से को जलस्रोत के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि टाउनशिप के सुंदरीकरण पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। इस टाउनशिप को फेज-वन व फेज-टू के रूप में विकसित किया जाएगा। दोनों फेस को कुल 31 सेक्टरों में बांटा गया है।
ये हैं टाउनशिप के अंदर गांवों की रोड
- मोहिउद्दीनपुर-सिवालखास रोड : इसमें एक तरफ मोहिउद्दीनपुर और दूसरी तरफ कायस्थ गांवड़ी है। यह इकला गांव को जोड़ते हुए सिवालखास चली जाती है।
- मोहिउद्दीनपुर-सिवालखास रोड से एक सड़क मोहिउद्दीनपुर, इकला व छज्जूपुर को जोड़ती है।
- दिल्ली रोड से एक सड़क मोहिउद्दीनपुर होते हुए छज्जूपुर को जोड़ती है।
टाउनशिप से संबंधित भूमि
गांव खरीद का लक्ष्य (हेक्टेयर में)
- मोहिउद्दीनपुर 111
- छज्जूपुर 30
- कायस्थ गांवड़ी 130
- इकला 21
