आधुनिक तकनीक सीखेंगे उद्यमी व खिलाड़ी, मेरठ में पांच एकड़ में बनेगा नया पीपीडीसी
मेरठ में खेल सामग्री क्षेत्र को गुणवत्ता, तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण देने के लिए पांच एकड़ में नया पीपीडीसी कैंपस ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स गुड्स कांप्लेक्स स्थित पीपीडीसी। जागरण
HighLights
2036 ओलंपिक की तैयारी में भारत का यह महत्वपूर्ण कदम।
उद्यमियों और खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक व प्रशिक्षण मिलेगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। खेल सामग्री क्षेत्र को गुणवत्ता, तकनीकी सहायता, अनुसंधान एवं विकास सुविधा और प्रशिक्षण देने के लिए 1986 में स्थापित एमएसएमई-प्रौद्योगिकी विकास केंद्र (पीपीडीसी) देश का इकलौता केंद्र है। विभिन्न शहरों में इसी के विस्तारित केंद्र हैं।
2036 में ओलिंपिक गेम्स का आयोजन होना है, उसका आयोजक बनने के लिए विभिन्न देशों के साथ ही भारत भी दौड़ में शामिल है। उससे संबंधित ढांचागत विकास करने के लिए सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। उसी कड़ी में पीपीडीसी को भी अत्याधुनिक सुविधाओं और तकनीक से उन्नत बनाया जाएगा, इसलिए स्पोर्ट्स गुड्स कांप्लेक्स स्थित इस केंद्र का अब एक नया कैंपस बनाया जाएगा। यह कैंपस पांच एकड़ क्षेत्रफल में होगा। इसके लिए भूमि की तलाश तेज कर दी गई है।
पीपीडीसी मेरठ के प्रधान निदेशक आदित्य शर्मा ने बताया नया कैंपस मेरठ स्पोर्ट़्स सिटी के आसपास ही बनाया जाएगा। इसके लिए सरकारी भूमि की तलाश की जा रही है। यूपीसीडा ने कुछ स्थानों पर भूमि का निरीक्षण कराया है, फिलहाल अभी तलाश जारी है। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश झा ने बताया कि दो-तीन स्थानों पर भूमि चिह्नित की गई है। हालांकि केंद्र के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए भूमि का चयन किया जाएगा।
वर्तमान केंद्र में ये हैं सुविधाएं
-यह संस्थान एक साझा सुविधा केंद्र (सीएफसी) है, जिसमें टूल रूम, अत्याधुनिक परीक्षण केंद्र और प्रशिक्षण अनुभाग शामिल हैं।
-यहां खेल सामग्री निर्माण, प्रबंधन तकनीक, सीएडी/कैम और सीएनसी तकनीक, चमड़ा एवं वस्त्र निर्माण तकनीक, कंप्यूटर साफ्टवेयर/हार्डवेयर, टूल और डाई निर्माण तथा विभिन्न सामग्रियों और उत्पादों के परीक्षण और प्रशिक्षण दिया जाता है।
-यह केंद्र उद्योग की गुणवत्तापूर्ण उत्पाद, सामान संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार परीक्षण, निरीक्षण और परामर्श सेवाएं प्रदान करता है।
-खेल के जूते, चमड़ा, प्लास्टिक, रबर, पैकेजिंग सामग्री, वस्त्र, सुरक्षा जूते और खेल सामग्री जैसे विभिन्न उत्पादों के भौतिक और रासायनिक परीक्षण के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
-इस केंद्र की प्रयोगशाला राष्ट्रीय, यूरोपीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार परीक्षण कर सकती है ताकि गुणवत्ता एवं सुरक्षा संबंधी उचित प्रदर्शन आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
-मैकेनिकल कार्यशाला : विभिन्न प्रकार के डाई और मोल्ड बनाने, शीट मेटल के लिए कटिंग और बेंडिंग डाई तैयार करने हेतु आधुनिक मशीनिंग सुविधाएं प्हैं। क्रिकेट बैट के हैंडल ग्रिप बनाने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए रूले बनाने के साथ-साथ विकास कार्य और प्रशिक्षण सुविधाएं भी प्रदान करता है।
नए कैंपस में यह होगा
-कार्यशाला और कन्वेंशन के लिए सभागार।
-प्रशिक्षण केंद्र व अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशाला।
-महिला-पुरुष प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवासीय परिसर।
-देश-विदेश के व्यापारियों, खिलाड़ियों व उद्यमियों को आधुनिक तकनीक, शोध से परिचित कराने के लिए प्रदर्शनी केंद्र।
पीपीडीसी मेरठ के देश के विभिन्न शहरों में विस्तारित केंद्र
-जालंधर
-जम्मू
-ओखला
-ग्वालियर
