सांसद राजेंद्र अग्रवाल बोले- ट्रैक्टर जलाने से ही पता चलती है सोच, राजनैतिक कारणों से विपक्ष कर रहा विरोध Meerut News
कृषि कानून के समर्थन में भाजपा किसान मोर्चा ने मंगलवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में साकेत चौपले से ट्रैक्टर रैली निकाली। इससे पहले उन्होंने किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 85वीं जन्मशती पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मेरठ, जेएनएन। कृषि कानून के समर्थन में भाजपा किसान मोर्चा ने मंगलवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में साकेत चौपले से ट्रैक्टर रैली निकाली। इससे पहले उन्होंने किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 85वीं जन्मशती पर पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद ने ट्रैक्टर का पूजन करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर व हल आदि कृषि यंत्र किसानों के लिए पूजनीय होते हैं। इंडिया गेट पर ट्रैक्टर को जलाकर कांग्रेस ने अपनी सोच को देश के सामने प्रदर्शित किया है। आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच गलत है और पूरी तरह से किसान विरोधी है। सांसद ने ट्रैक्टर पर बैठकर कुछ दूरी के लिए सांकेतक रैली भी निकाली।
किसानों का हितैषी बताने वाले जला रहे ट्रैक्टर
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने स्व. चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन अनुकरणीय है। उन्होंने नि:स्वार्थ किसानों के हित में लड़ाई लड़ी। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल राजनैतिक कारणों व निजी स्वार्थों के लिए कृषि कानून का विरोध कर रहे हैं। कहा कि ट्रैक्टर चलाना बताता है कांग्रेस किसानों की कितनी हितकारी है। वह अतुल त्यागी, अनुज राठी, हर्षपाल, विनय तोमर, ओमकार व अमरदीप पंवार आदि ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे।
कृषि कानून का विपक्ष कर रहा है विरोध
पिछले दिनों कांग्रेस ने जगह-जगह कृषि कानून का विरोध पूरे जोर-शोर से किया। इस दौरान हर भारत के कई बड़े शहरों और राज्यों में भारी हंगामा किया। कहीं पर काम रोका गया तो कहीं पर जाम लगा दिया। इसी बीच में ट्रैक्टरों को भी जलाया गया। हंगामें के दौरान कृषि कानून को वापस लेने की बात हुई। अभी भी कृषि कानून को लेकर पंजाव और हरियाणा में प्रदर्शन जारी है।
कांग्रेस की रैली
किसानों को साथ लेकर कांग्रेस पंजाब और हरियाणा में ताबड़तोड़ रैली कर रही है। इस बीच में किसानों को अपनी ओर आकर्षित करने की पूरी कोशिश में लगी हुई है। इसी के मद्देनजर मेरठ में भी कांग्रेस का हुंकार जारी है।