अपना एमएलसी चुनने के लिए शिक्षक रहे आगे, स्नातक ने मतदान में नहीं दिखाई दिलचस्पी
मेरठ खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी निर्वाचन के लिए नौ जनपदों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। मतदान में शिक्षकों ने स्नातक मतदाताओं की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया।

खंड स्नातक शिक्षक निर्वाचन विधान परिषद चुनाव में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी व एसएसपी। जागरण
HighLights
निर्वाचन खंड मेरठ के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जनपदों में शांतिपूर्ण हुआ मतदान
स्नातक के लिए आठ और शिक्षक सीट पर खड़े दस प्रत्याशियों का भाग्य हुआ मतपेटियों में बंद
स्नातक के लिए कुल 382 तथा शिक्षक सीट के लिए कुल 130 बूथों पर कराया गया था मतदान
जागरण संवाददाता, मेरठ। विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन मेरठ खंड के लिए शुक्रवार को मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जनपदों में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान हुआ। शिक्षक सीट के लिए दस तथा स्नातक सीट के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में थे।इन सभी का भाग्य अबमतपेटियों में बंद हो गया। मतदान करने में शिक्षक मतदाता आगे रहे जबकि स्नातक मतदाता काफी कम संख्या में बूथों पर पहुंचे।

शुक्रवार को दोपहर दो बजे तक शिक्षक सीट के लिए 46.66 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि स्नातक सीट के लिए मात्र 30.38 प्रतिशत मतदाता ही बूथों पर पहुंचे थे। शाम चार बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद सभी जनपदों से मतपेटियों को देर रात तक मेरठ में कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में पहुंचाया जाएगा। यहीं पर 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चला। निर्वाचन क्षेत्र में शामिल सभी नौ जनपदों में स्नातक सीट के लिए 382 बूथों पर मतदान हुआ। जबकि शिक्षक सीट के लिए 130 बूथ बनाए गए थे।

मतदान के लिए गुरुवार को सभी जिला मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई थी। जिन्होंने देर रात तक बूथ तैयार किए और सुबह आठ बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मेरठ जनपद में स्नातक सीट के लिए 77 तथा शिक्षक के लिए 31 बूथ बनाए गए थे। मतदान करने में शिक्षक मतदाता सक्रिय दिखाई दिए। जबकि स्नातक मतदाता काफी कम संख्या में बूथों पर पहुंचे। दोपहर दो बजे तक शिक्षक पद पर मतदान का प्रतिशत 46.66 था जबकि स्नातक पद पर यह प्रतिशत मात्र 30.38 रहा।

बूथों के आसपास मतदाता पर्ची बनाने के लिए बस्ते केवल भाजपा और सपा के ही दिखाई दिए। उनमें भी भाजपा प्रत्याशी के बस्तों पर संगठन के लोगों की संख्या खासी दिखाई दी। मतदान केंद्रों के भीतर बूथों पर एजेंट केवल भाजपा प्रत्याशी के ही रहे। मतदान कराने के लिए दोनों सीटों के लिए चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक तथा जिला स्तरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते रहे।
शाम चार बजे तक मतदान के बाद मतपेटियों को कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। अन्य जनपदों की मतपेटियों को देर रात तक जमा कराया गया। 27 अक्टूबर को यहीं पर निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना होगी।
--------------------------------------
जनपदवार मतदान बूथ की संख्या
जनपद----------स्नातक क्षेत्र-------शिक्षक क्षेत्र
सहारनपुर ------------80----------------15
मुजफ्फरनगर----------42----------------14
शामली---------------16----------------06
मेरठ-----------------77---------------30
बागपत---------------14----------------07
गाजियाबाद------------60---------------15
हापुड----------------23----------------06
बुलन्दशहर------------45----------------20
गौतमबुद्ध नगर---------25---------------17
----------------------------------------
कुल --------382----130
--------------------------------------
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रत्याशी
प्रत्याशी का नाम---------दल का नाम
1. श्रीचंद शर्मा--------------भाजपा
2. नितिन कुमार तोमर-------समाजवादी पार्टी
3. डा. सुशील कुमार पुंडीर------निर्दलीय
4. सुशील---------------------निर्दलीय
5. हरकेश सिंह----------------निर्दलीय
6. स्वराज पाल----------------निर्दलीय
7. डा. कुलदीप मलिक---------निर्दलीय
8. तनुज गंभीर--------------निर्दलीय
9. बाकिर हुसैन---------निर्दलीय
10. पंकज कुमार-------निर्दलीय
--------------------------------------
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रत्याशी
प्रत्याशी का नाम---------दल का नाम
1. दिनेश गोयल-------भाजपा
2. प्रमेंद्र सिंह-------- समाजवादी पार्टी
3. विजय कुमार त्यागी------निर्दलीय
4. एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ--------निर्दलीय
5. राहुल कुशवाहा--------निर्दलीय
6. दुष्यंत-------निर्दलीय
7. अमित कुमार जैन--------निर्दलीय
8. मोहम्मद अकरम रजा-------निर्दलीय
--------------------------------------
