मेरठ मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लाॅक में अधिवक्ताओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष पर्ची काउंटर शुरू
मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन और वकीलों के लिए विशेष पर्ची काउंटर शुरू किया गया है।

HighLights
जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने किया उद्घाटन।
इस ब्लॉक में प्रतिदिन आते हैं लगभग 1000 मरीज।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लाक में वरिष्ठ नागरिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, दिव्यांगजन, वकील और न्यायालय के अधिकारी व कर्मचारियों के लिए विशेष पर्ची काउंटर शुरू कर दिया गया है। इसका शुभारंभ जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने किया। इस विशेष पर्ची काउंटर पर अब आसानी से अपना पर्चा बनवा सकेंगे।
अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते लोगों को ज्यादा देर तक पर्चा बनवाने के लिए कतार में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। सुपर स्पेशलिटी ब्लाक में कार्डियोलाॅजी न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलाॅजी, पीडियाट्रिक सर्जरी, नेफ्रोलॉजी व यूरोलॉजी से संबंधित गंभीर बीमारियों का उपचार किया जाता है। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में प्रतिदिन लगभग 800 से 1000 मरीज इलाज के लिए आते हैं। सबसे ज्यादा ओपीडी कार्डियोलाॅजी विभाग की लगभग ढाई सौ से 300 मरीजों की होती है। यहां गुर्दा रोगियों के लिए डायलिसिस यूनिट भी है।
मेडिकल कालेज में इलाज के लिए तड़पती रही बीमार बच्ची
मेरठ: लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कालेज में बीमार बच्ची को भर्ती कराने के लिए स्वजन गुरुवार को भटकते रहे। स्वजन को भटकते देख भाजपा नेताओं ने इस मामले को गंभीरता से लिया और मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. अजीत चौधरी को बुलाकर तत्काल बेड की व्यवस्था कराई।
गुरुवार को मेडिकल कालेज में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डा. स्वदेश सिंह की एक पत्रकार वार्ता का कार्यक्रम था। इस दौरान महापौर हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और वरिष्ठ नेता कमल दत्त शर्मा ने एक बच्ची के स्वजन को उसके इलाज के लिए परेशान देखा। मौके पर मौजूद इन नेताओं ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को बुलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
स्वजन ने मेडिकल कॉलेज के सिस्टम को लेकर गंभीर आरोप लगाए। बाद में सीएमएस ने बच्ची को तुरंत भर्ती करवा दिया। सीएमएस ने बताया कि इस बच्ची का मेडिकल कालेज में बेहतर उपचार चल रहा है। बेड न मिलने को लेकर स्वजन परेशान थे, जिन्हें बाद में बेड दिलवा दिया गया।
