मेरठ में रोजाना करोड़ों का कारोबार करने वाले बाजार बदहाल, जलभराव और गड्ढों में डूबी सड़क; पार्किंग नदारद
मेरठ के नई सड़क शास्त्रीनगर और जागृति विहार बाजार बदहाल हैं। नई सड़क जलभराव और गड्ढों से जूझ रही है, ...और पढ़ें

शास्त्री नगर नई सड़क मार्केट का हाल। जागरण
HighLights
नई सड़क शास्त्रीनगर में जलभराव और गहरे गड्ढों से ग्रस्त।
त्योहार पर व्यापारियों-ग्राहकों ने अव्यवस्थाओं को लेकर जताया आक्रोश।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दैनिक जागरण के व्यवस्थित बाजार अभियान के तहत गुुरुवार को टीम नई सड़क शास्त्रीनगर और जागृति विहार मंशा देवी मंदिर वाले बाजार पहुंची। नई सड़क बाजार की स्थिति बदतर मिलीं। यह बाजार जलभराव और गड्ढों का दंश झेल रहा है। वहीं, जागृति विहार बाजार में मंशा देवी मंदिर रोड पर मेला लगा हुआ है। यहां आने वाले ग्राहकों और श्रृद्धालुओं के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं है।
बाजार में यह खास
नई सड़क शास्त्रीनगर में बड़े शोरूम, मिष्ठान की दुकानें, बर्तन, कपड़ों, इलेक्ट्रानिक्स और श्रृंगार की दुकानें हैं। भोलेश्वर मंदिर बाजार में होने के चलते श्रद्धालू भी आते हैं। एक ओर गढ़ रोड और दूसरी ओर शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट, जयदेवी नगर रोड से जुड़ा बाजार है। जागृति विहार बाजार न्यूटिमा अस्पताल के बगल से गढ़ रोड से रास्ता जाता है, जो कालियागढ़ी रोड तक मिलता है। इसी रोड पर मंशा देवी मंदिर है, जहां नवरात्र में मेला लगता है। बड़ा बाजार है। बर्तन, कपड़ों, हवन सामग्री की छोटी-बड़ी दुकानें हैं।
दीर्घकालिक समस्याएं
- नई सड़क पर भोलेश्वर मंदिर के पास जलभराव होता है। यहां दोनो तरफ नाले बनाए जा रहे हैं, लेकिन बीच में सड़क गहराई में होने से नालों के जरिए जलनिकासी नहीं हो पा रही है। कई बार निगम अधिकारी निरीक्षण कर चुके हैं। अभी तक समाधान नहीं हुआ।
- आठ महीने से सीएम ग्रिड योजना से सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। त्योहार से पहले सड़क निर्माण न होने से गड्ढों में ही लोग सफर कर रहे हैं। दुकानों के सामने कहीं मलबा तो कहीं निर्माण सामग्री डाल दी गई है।
- जागृति विहार मंशा देवी मंदिर वाली रोड के बाजार में एक भी पार्किंग नहीं है। मेडिकल कालेज की पार्किंग में वाहन खड़े करके लोगों को करीब 700 मीटर पैदल चलकर बाजार तक जाना पड़ता है। मंदिर के आसपास पार्किंग विकसित करने की मांग है।
तत्काल निस्तारण होने वाली समस्याएं
- मंशा देवी रोड बाजार जागृति विहार अतिक्रमण से घिरी है। सुबह और शाम जाम की स्थिति बनती है। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं है।
- नई सड़क पर त्योहार को देखते हुए गड्ढे भरने की जरूरत है। मलबा और निर्माण सामग्री को दुकानों के सामने से हटाने की जरूरत है।
- नई सड़क और जागृति विहार दोनों बाजारों में पथ प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं है। बाजार में दो शिफ्ट में सफाई नहीं हो रही है।
इन्होंने कहा
लगभग तीन माह हो गए हैं सड़क में जगह जगह गड्ढे हैं। जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। नई सड़क में ग्राहकों ने यहां पर आना बंद कर दिया है। दुकानें के आगे गड्ढू कर दिए गए हैं। जिससे भारी परेशानी हो रही है। -नितिन,व्यापारी, नई सड़क।
नवरात्र के दिनों में यहां पर मेला लगता है। दूर दूर से लोग आते हैं। लेकिन ट्रैफिक पुलिस द्वारा यहां पर व्यवस्था बनाने को लेकर कई प्रयास नहीं किया जाता है। मेले के दौरान कारों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। पार्किंग के लिए लोग वाहन मेडिकल कालेज में खड़ा करते हैं। -अजय गुप्ता, व्यापारी, मंशा देवी मंदिर रोड बाजार।
नई सड़क पर चौड़ीकरण के साथ नाला, फुटपाथ और लाइट की सुविधा मिलेगी। भोलेश्वर मंदिर के पास जलभराव दूर करने के लिए भूमिगत नाला बनाया गया है। मंशा देवी मंदिर के आसपास निरीक्षण कर पार्किंग के लिए जगह मिलने पर काम कराया जाएगा। -सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त।
जागृति विहार बाजार में मंशा देवी मंदिर के पास मेला लगा हैं। मेला स्थल से पहले वाहनों को रोकने के लिए बेरीकेडिंग लगाई गई है। ट्रैफिक सिपाही तैनात किए गए हैं।-राजेश श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक।
