विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ: त्योहारी सीजन में कराह रहा शारदा रोड, कबाड़ी बाजार, शहर सराफा; अतिक्रमण व जर्जर तारों के मकड़जाल सहित कई समस्याएं

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 20 Oct 2026 06:27 PM (IST)

Meerut News: दैनिक जागरण के 'व्यवस्थित बाजार' अभियान के तहत मेरठ के शारदा रोड, कबाड़ी बाजार और शहर सराफा जैसे ...और पढ़ें

नील गली में बिजली तारों का मकड़जाल। जागरण

नील गली में बिजली तारों का मकड़जाल। जागरण

HighLights

  1. व्यापारी सुरक्षा, पथ प्रकाश, शौचालय सुधार की मांग कर रहे।

  2. अतिक्रमण हटाने के लिए नहीं होती कार्रवाई, लोग परेशान।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दैनिक जागरण के ‘व्यवस्थित बाजार’ अभियान के तहत सोमवार को टीम ने शारदा रोड, कबाड़ी बाजार, शहर सराफा और नील की गली बाजार का भ्रमण किया। पुराने शहर के इन बाजारों की तंग गलियां ग्राहकों और कारोबारियों की परेशानी का बड़ा कारण बनी हैं।

आधी सड़क तक पसरा अतिक्रमण, नीचे तक लटकते बिजली के जर्जर तारों का मकड़जाल, पार्किंग और शौचालय जैसी सुविधाओं का अभाव इन दिक्कतों को और बढ़ा रहा है। शारदा रोड का बाजार सीएम ग्रिड योजना के सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान खोदाई किए जाने से बुरी तरह प्रभावित है।

बाजार में खास

शहर सराफा बाजार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। दूर-दूर से यहां लोग आभूषण बनवाने आते हैं। कबाड़ी बाजार में रसोई से जुड़ी हर सामग्री मिलती है। राशन की बड़ी दुकानें, हार्डवेयर, दोने-पत्तल की दुकानें यहां मौजूद हैं। शारदा रोड बाजार में कई साड़ी शोरूम हैं। बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, मोबाइल शाप, शृंगारिक सामग्री की दुकानों सहित जरूरत का अन्य सामान यहां मिलता है। कई रेस्टोरेंट भी हैं।

दीर्घकालिक समस्याएं

  • शहर सराफा, कबाड़ी बाजार, वैली बाजार की पार्किंग घंटाघर स्थित टाउन हाल परिसर में है। यहां शौचालय चालू नहीं है। अराजक तत्व रहते हैं। सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।
  • निगम की मल्टीलेवल कार पार्किंग में चालकों के लिए रेस्ट एरिया होना चाहिए, ताकि दूरदराज के सराफा व्यवसायियों के साथ आने वाले चालक इसमें आराम कर सकें।
  • शहर सराफा बाजार, नील की गली, वैली बाजार, कबाड़ी बाजार को सघन बाजार क्षेत्र घोषित किया जाए। सुरक्षा के लिए इन बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
  • शहर सराफा बाजार, नील की गली में बिजली तारों में शार्ट सर्किट से आग लगने का खतरा है। कई बार भूमिगत केबल डालने के प्रस्ताव बने, लेकिन काम नहीं हुआ।
  • शारदा रोड बाजार में पार्किंग की सुविधा नहीं है। शौचालय का अभाव है। वाहन सड़क पर खड़े होते हैं।
  • कबाड़ी बाजार में प्याऊ चौराहे से सराफा बाजार तक टूटी सड़क है। अतिक्रमण के कारण वाहन तो छोड़िए पैदल चलना भी दूभर है।
  • इन बाजारों में दिल्ली रोड और घंटाघर की ओर से अयोध्या की तर्ज पर सघन बाजार क्षेत्र में 10 सीटर ई-रिक्शा चलाए जाएं जो संकरे रास्तों के लिए उपयुक्त हों।
  • घंटाघर से सराफा बाजार तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं होती है। पूरी सड़क घिरी हुई है।

तत्कालिक समस्साएं

  • शहर सराफा, कबाड़ी बाजार, नील की गली और शारदा रोड बाजार क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं है। शाम ढलने के बाद दुकानों की रोशनी को छोड़ दें तो सड़कों पर अंधेरा रहता है।
  • टटेढ़वाड़ा टावर चौक, सिद्धि विनायक मंदिर, शीशमहल चौक, पत्थरवालान चौक पर पुलिस की तैनाती हो और गश्त भी बढ़े। पुलिस के रहने से सुरक्षा पुख्ता होगी।
  • पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग त्योहारों पर शहर सराफा में बढ़नी चाहिए। कबाड़ी बाजार रोड और शारदा रोड के गड्ढे त्योहारों पर भरे जाएं ताकि ग्राहकों का आने-जाने में परेशानी न हो।
  • 3500 से अधिक दुकानें हैं शहर सराफा, कबाड़ी बाजार व शारदा रोड बाजार को मिलाकर।
  • 50 से 60 हजार ग्राहक आते हैं सामान्य दिनों में प्रतिदिन।
  • 90 हजार से 1 लाख तक पहुंच जाती है त्योहारी सीजन में यह संख्या।
  • 22 से 25 करोड़ रुपये प्रतिदिन का व्यापार होता है सामान्य दिनों में।
  • 40 से 45 करोड़ रुपये प्रतिदिन व्यापार होता है त्योहारों के दौरान।

बोले व्यापारी...

नौ फरवरी 2026 को शारदा रोड का चौड़ीकरण कार्य शुरू हुआ था। नौ महीने हो गए हैं, अभी नाले भी पूरे नहीं हो सके हैं। जहां चाहे गड्ढे खोद दिए जाते हैं। ग्राहकों को बाजार में आने-घूमने में परेशानी होती है। त्योहारों पर मिट्टी के ढेर मलबा, निर्माण सामग्री हटाई जानी चाहिए थी। वह भी नहीं हुआ।
मनीष शर्मा, अध्यक्ष शारदा रोड व्यापार संघ।

त्योहारों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए। स्थान लिखकर दे चुके हैं। नगर निगम पथ प्रकाश व्यवस्था को ठीक करे। बाजार अंधेरे में है। सुरक्षा का खतरा है। टाउनहाल की पार्किंग का शौचालय चालू किया जाए। बाजार का अतिक्रमण हटाया जाए।
विजय आनंद, महामंत्री मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन।

पथ प्रकाश व्यवस्था को टीम भेजकर दिखवाया जाएगा। लाइटें सप्ताहभर में लगा दी जाएंगी। सड़क पर अतिक्रमण रोकने के लिए प्रवर्तन दल को भेजकर एनाउंसमेंट कराया जाएगा। त्वरित समस्या का समाधान होगा।
सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त।

शहर सराफा, कबाड़ी बाजार, शारदा रोड बाजार में ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाई जाएगी। अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया जाएगा।
राजेश श्रीवास्तव, एसपी यातायात।