विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में LPG सिलिंडर से भरे ट्रक ने मां और 8 दिन के बेटे को कुचला, दोनों की मौत

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 12 Oct 2026 06:40 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में गैस सिलिंडर से भरे ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके ...और पढ़ें

प्रिया व बच्चे के फाइल फोटो, हादसे के बाद खड़ा गैस सिलिंडर से भरा ट्रक।

प्रिया व बच्चे के फाइल फोटो, हादसे के बाद खड़ा गैस सिलिंडर से भरा ट्रक।

HighLights

  1. आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर किया प्रदर्शन।

  2. हादसे में महिला का पति बाल-बाल बचा।

संवाद सूत्र, लावड़ (मेरठ)। दौराला-मसूरी मार्ग स्थित सब्जी मंडी रोड पर काली माता मंदिर के सामने सोमवार को गैस सिलिंडर से भरे ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर हंगामा किया।

सूचना पर पूर्व विधायक संगीत सोम और सपा विधायक अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इंचौली थाना क्षेत्र के महल गांव निवासी संजय सैनी खेती करके अपना परिवार चलाता था। संजय की वर्ष 2022 में खतौली थाना क्षेत्र के जंधेड़ी गांव से शादी हुई थी।

सोमवार को अपनी 35 वर्षीय पत्नी प्रिया व आठ दिन के बेटे को लावड़ में चिकित्सक के क्लीनिक से पीलिया की दवाई दिलाने आया था। वापस लौटते समय दौराला-मसूरी मार्ग पर काली माता मंदिर के सामने दौराला की ओर से मसूरी जा रहे गैस सिलिंडर से भरे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर गए।

इस दौरान ट्रक का पहिया महिला और उसके बेटे के ऊपर से उतर गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय सड़क किनारे गिरने के कारण बच गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।

मौके से भाग रहे ट्रक चालक को पीछा कर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची ने ट्रक ड्राईवर को हिरासत में ले लिया। वहीं लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच पूर्व विधायक संगीत सोम ने ग्रामीणों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, वहीं ग्रामीणों ने परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने और नौकरी की मांग रखी।

जिसके बाद सोम ने परिवार को शासन से मदद कराने और प्राईवेट नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम खोल दिया गया। पुलिस जब दोनों शवों को मर्चरी ले जाने लगी तो स्वजन ने दोबारा हंगामा कर दिया।

कुछ महिलाएं और युवक पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए। बाद में पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान ने भी लोगों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। शाम करीब पांच बजे तक पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही।

एंबुलेंस पहुंची तो आक्रोशित हुए ग्रामीण, शीशे तोड़े

हाइसे में दो की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस को खदेड़ने लगे। इसी बीच एंबुलेंस पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए और एंबुलेंसकर्मी को वहां से एंबुलेंस ले जाने को कहा। जिसके बाद 108 एंबुलेंसकर्मी एंबुलेंस लेकर वापस लौट गया।

इन्होंने कहा

ट्रक ड्राईवर को पुलिस ने हिरासत में लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया गया है।
कर्मवीर सिंह, एसओ इंचौली।