मेरठ का एंट्री प्वाइंट होगा 'हाईटेक': कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से बाईपास चौराहे तक फोर लेन होगी सड़क, सर्विस रोड भी बनेगी
Meerut News: मेरठ में सीएम ग्रिड योजना के तहत कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से बाईपास इंटरसेक्शन तक सड़क का 48 करोड़ की ...और पढ़ें

वर्तमान में ऐसी है कंकरखेड़ा फ्लाई ओवर से दिल्ली-दून हाइवे तक रोड। जागरण
HighLights
48 करोड़ की लागत से 15 महीने में होगा निर्माण कार्य पूरा।
फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट, नई लाइटों से सुसज्जित होगी यह सड़क।
दिलीप पटेल, मेरठ। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को आधुनिक रूप देने की दिशा में सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम ने एक और सड़क की डिजाइन फाइनल कर दी है। कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से लेकर मेरठ बाईपास इंटरसेक्शन (दिल्ली-दून हाइवे) तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। यह सड़क सर्विस लेन समेत छह लेन की हो जाएगी।
इस परियोजना के पूरा होने से न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी बल्कि मेरठ का यह प्रमुख प्रवेश मार्ग एक सुंदर और आधुनिक लुक में नजर आएगा। चार लेन की मुख्य सड़क रहेगी और दोनों तरफ आबादी क्षेत्र से जुड़ी सर्विस लेन रहेगी। फुटपाथ, नई लाइटें, बैठने के लिए बेंच और हरी भरी सड़क नजर आएगी। कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी के सामने गत दिनों नगर निगम ने इसकी डिजाइन प्रस्तुत की है। बहुत जल्द इसका निर्माण शुरू होने जा रहा है।
अभी ये हैं कमियां
- अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ नहीं है
- बेतरतीब होर्डिंग्स लगे हैं, सर्विस रोड और पार्किंग की सुविधा नहीं है।
ये सुविधाएं होंगी विकसित
- सड़क के दोनों तरफ और डिवाइडर पर ग्रीन बेल्ट और लैंडस्केपिंग की जाएगी।
- नई डिजाइन की स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। वाहन पार्किंग की जगह निर्धारित होगी।
- पैदल चलने के लिए फुटपाथ और व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
- वाहनों के सुचारु आवागमन के लिए मार्किंग वाली फोरलेन सड़क बनेगी।
- लोगों के बैठने के लिए बेंच, कियोस्क लगाए जाएंगे। कूड़े के लिए डस्टबिन हाेंगे।
इन्होंने कहा
इस रोड पर 70 प्रतिशत व्यवसायिक गतिविधि है। सड़क चौड़ीकरण में बाजार और ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए। यह वीआइपी मार्ग भी है। परतापुर की तरफ से हाइवे से आकर कैंट होकर सर्किट हाउस तक वीआइपी मूवमेंट इसी मार्ग से होता है। -नीरज मित्तल, अध्यक्ष कंकरखेड़ा व्यापार संघ।
सड़क चौड़ीकरण से व्यापारियों और आसपास बसे मुहल्ले-कालोनियों के लोगों को परेशानी न हो। काम गुणवत्तापूर्ण और समय से पूरा हो। इस बात पर जोर देते हुए कार्य किया जाना चाहिए। -लवली भारद्वाज, अध्यक्ष सरधना रोड व्यापार संघ।
इस सड़क को एसएस इंफ्रा कंपनी बनाएगी। वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। 15 महीने में यह सड़क बनकर तैयार होगी। इसमें बाजार और आबादी क्षेत्र के लिए सर्विस रोड का प्रविधान भी किया गया है। -सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त।
