राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चयन: मेरठ में ट्रायल 26 अक्टूबर को, 24 तक पंजीकरण करना अनिवार्य
मेरठ में 26 अक्टूबर को राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा, जिसमें 13 खिलाड़ी हैदराबाद में ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चयन मेरठ में 26 अक्टूबर को।
हैदराबाद में 14-16 नवंबर को होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर, शाम 7 बजे तक।
जागरण संवाददाता, मेरठ। हैदराबाद में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिले की जिला टीम का चयन 26 अक्टूबर को किया जाएगा। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह नौ बजे से जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा। जिले से 13 चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनु कुमार के अनुसार भारतीय एथलेटिक्स संघ और तेलंगाना सरकार के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में दो आयु वर्गों के बालक और बालिकाएं हिस्सा लेंगे। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेरठ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए 14 वर्ष से कम और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
14 वर्ष से कम आयु वर्ग में 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 के बीच जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे। वहीं 16 वर्ष से कम आयु वर्ग में 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 के बीच जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। चयनित 13 खिलाड़ी हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेरठ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
24 अक्टूबर तक आनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
जिला एथलेटिक संघ ने इच्छुक खिलाड़ियों को समय से पंजीकरण कराने की अपील की है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को संघ की वेबसाइट www.daasport.com पर आनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 24 अक्टूबर को शाम सात बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद पंजीकरण स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को अंतिम तिथि से पहले अपनी प्रविष्टि सुनिश्चित करनी होगी।
