50 कंपनियों ने लिए युवक-युवतियों के साक्षात्कार, 283 का चयन कर दिए आफर लेटर... 578 ने कराया था पंजीकरण
मेरठ में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 50 कंपनियों ने 578 बेरोजगारों का साक्षात्कार लिया। इसमें 283 युवक-युवतियों को नौकरी के ऑफर लेटर दिए गए।

विशाल रोजगार मेले में पहुंचे बेरोजगारों को संबोधित करके सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक तथा उपस्थित कैंट विधायक अमित अग्रवाल। सौजन्य सेवायोजन कार्यालय
HighLights
50 कंपनियों ने मेले में साक्षात्कार लिए।
578 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया था।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रदेश सरकार ने दीपावली से पहले नौकरी उपलब्ध कराने के लिए वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया। मेले में छोटी-बड़ी 50 कंपनियों ने युवक-युवतियों के साक्षात्कार लिए। कुल 578 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराकर साक्षात्कार में हिस्सा लिया। कंपनियों ने 283 को नौकरी के आफर लेटर जारी किए।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा भारत केयर्स सीएसआर बॉक्स और सीईआरटी श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को परतापुर बाईपास रोड स्थित सीईआरटी श्रीराम ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन परिसर में संस्थान परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले के उद्घाटन एवं नियुक्ति पत्र वितरण मुख्य अतिथि कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से कहा कि केंद्र सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने में जुटी है। वे अपनी प्रतिभा के साथ सक्रिय भूमिका अदा करके इस लक्ष्य को पूरा करने में मददगार बने।
क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 50 कंपनियों ने भाग लिया।अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और आवश्यकताओं के अनुरूप साक्षात्कार लिया। मेले में 578 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। जिनके साक्षात्कार के बाद कंपनियों ने 283 का चयन किया।चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नौकरी के आफर लेटर प्रदान किए गए। मेले के आयोजन में जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह, सीईआरटी श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक प्रोफेसर बीएनएस जग्गी, भारत केयर्स सीएसआर बाक्स की सीनियर मैनेजर नेहा अवस्थी, मोहम्मद फैजल, राजीव सपरा, सुदर्शन, प्रद्युम्न दीक्षित और ईश्वर सिंह ने सहयोग किया।
