38 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने परखी 2610 युवाओं की प्रतिभा, 1759 का किया चयन... हाथों हाथ दिए नियुक्ति-पत्र
मोदीपुरम, मेरठ के विनायक विद्यापीठ कॉलेज में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद रोजगार मेला ...और पढ़ें

रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों में चयनित विद्यार्थी और अतिथि। सौजन्य. संस्थान।
HighLights
विनायक विद्यापीठ कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का किया आयोजन।
38 कंपनियों ने 2610 युवाओं की प्रतिभा परखी, 1759 चयनित।
चयनित युवाओं को हाथों-हाथ मिले नियुक्ति पत्र, वेतन 35 हजार तक।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। विनायक विद्यापीठ कालेज में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया, जिसमें 38 राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों ने भाग लेकर 2610 अभ्यर्थियों की प्रतिभा परखी। विभिन्न पदों के लिए 1759 युवाओं का चयन किया गया, जिन्हें 10 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
रोजगार मेले का शुभारंभ चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव डा. सत्य प्रकाश ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों से मुलाकात कर चयन प्रक्रिया की बारीकियों को समझा और अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कंपनियों के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन किया। पूरी प्रक्रिया निश्शुल्क रही। समापन समारोह में विधायक अमित अग्रवाल ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
उन्होंने कहा कि युवा आत्मनिर्भर बनकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए मेहनत, कौशल और निरंतर सीखने को सफलता का आधार बताया। कालेज की प्राचार्या डा. अनुप्रीता शर्मा, निदेशक इंजीनियर विकास कुमार, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रमुख प्रवीन शर्मा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया।
शशि भूषण उपाध्याय ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने और करियर को नई दिशा देने का प्रभावी मंच है। इससे उद्योगों को भी योग्य मानव संसाधन उपलब्ध होता है। संचालन सुनील कुमार ने किया। जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह, ईश्वर सिंह, राजीव सपरा, सुदर्शन गिरि, अनिल वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
