विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में यूं ही नहीं बन जाएगी इनर रिंग रोड, 5.7 किमी के तीन मिसिंग लिंक पूरा करना है बड़ी चुनौती

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 18 Oct 2026 12:37 PM (IST)

मेरठ विकास प्राधिकरण ने इनर रिंग रोड के 5.7 किमी के तीन मिसिंग लिंक को पूरा करने की योजना बनाई ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो) 

HighLights

  1. मेरठ शहर में इनररिंग रोड में 5.7 किमी के तीन मिसिंग लिंक।

  2. भूमि अधिग्रहण और दो रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण आवश्यक।

  3. प्राधिकरण के हिस्से में 228 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण ने इनर रिंग रोड को गढ़ रोड से लेकर हापुड़ रोड, हापुड़ रोड से दिल्ली रोड और दिल्ली रोड से वेदव्यासपुरी होते हुए दिल्ली बाईपास तक मिलाने की योजना तैयार की है। इस इनर रिंग को पूरा करने के लिए तीन मिसिंग लिंक को समाप्त करना होगा। इसके लिए कुल 5.7 किमी सड़क का निर्माण करना होगा। तीनों स्थानों पर भूमि अधिग्रहण करना होगा। इसके साथ ही दो रेलवे ओवर ब्रिज बनाने होंगे, जिसमें से एक जुर्रानपुर फाटक के पास अधूरा खड़ा है।

योजना के मुताबिक गढ़ रोड और हापुड़ रोड के बीच सड़क तैयार है। हापुड़ रोड से जुर्रानपुर फाटक के पास अधूरे रेलवे ओवर ब्रिज तक 2.1 किमी लंबी सड़क बनानी होगी। जिसके लिए भूमि अधिग्रहण करना होगा। यह रेलवे ओवर ब्रिज और सड़क का हिस्सा आवास विकास परिषद की प्रस्तावित नई आवासीय योजना का हिस्सा है।

जुर्रानपुर रेलवे ओवर ब्रिज से शताब्दीनगर योजना को जोड़ने के लिए 2.4 किमी लंबी सड़क का निर्माण करना होगा। यह मेरठ विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित टाउनशिप का भाग है। शताब्दीनगर योजना से दिल्ली रोड तक सड़क तैयार है। दिल्ली रोड से वेदव्यासपुरी को जोड़ने के लिए 1.2 किमी लंबी सड़क का निर्माण होगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण करना होगा तथा एक रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण करना होगा।

यह प्राधिकरण की प्रस्तावित टाउनशिप का हिस्सा है। प्राधिकरण के हिस्से में आने वाली 3.6 किमी सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण में 160 करोड़ रुपये तथा सड़क निर्माण में 68 करोड़ खर्च होंगे।