विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में गंगा एक्सप्रेस-वे औद्योगिक गलियारे का तीसरा चरण घोषित, 237 हेक्टेयर भूमि चिह्नित

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 25 Oct 2026 05:30 AM (IST)

यूपीडा ने मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के पास औद्योगिक गलियारे के तीसरे चरण की घोषणा की है। इसमें तीन गांवों ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक गलियारे का तीसरा चरण।

  2. तीन गांवों की 237 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई।

  3. किसानों से सीधी सहमति से जमीन खरीदी जाएगी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे के निकट प्रदेश सरकार ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रफल मं औद्योगिक गलियारा विकसित करने के प्रयास में जुटी है।उसी के तहत औद्योगिक गलियारे के तीसरे फेज की घोषणा यूपीडा ने शनिवार देर शाम तक दी। जिसमें तीन गांवों की 237 हेक्टेयर जमीन को चिह्नित करके उसके 421 खसरों तथा मालिक किसानों के नाम की सूची प्रकाशित कर दी है।इन किसानों से यूपीडा ने आपसी सहमति से सीधे जमीन की खरीद करने की घोषणा की है। साथ ही इन जमीनों के जुड़े अन्य लोगों से भी दस दिन में दावे मांगे हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे जिन 12 जनपदों से गुजर रहा है उन सभी में प्रदेश सरकार औद्योगिक गलियारा का विकास कर रही है।गंगा एक्सप्रेसवे की शुरूआत मेरठ से हो रही है। यहां औद्योगिक गलियारा की जमीन की लोकेशन और परिस्थितियां देश और विदेश की नामचीन कंपनियों को भा रही है। यही कारण है कि मेरठ में जमीन की मांग बेतहाशा है।

मांग को देखते हुए प्रदेश सरकार यहां ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रफल में औद्योगिक गलियारा विकसित करने का प्रयास कर रही है। अभी तक दो चरणों की घोषणा और जमीन खरीद का कार्य किया जा रहा है।शनिवार को यूपीडा ने जिला प्रशासन के माध्यम से इसके तीसरे चरण की भी घोषणा कर दी।यूपीडा की स्वीकृति के बाद जिलाधिकारी की ओर से शनिवार देर शाम तीसरे चरण के लिए तीन गांवों अटौला, शाफियाबाद लौटी और अजराड़ा की कुल 237 हेक्टेयर जमीन उसके खसरा संख्या तथा भूमि मालिक किसानों के नामों के प्रकाशन की घोषणा कर दी गई।

आपसी सहमति से होगी खरीद, दस दिन में मांगे दावे
जिलाधिकारी डा. वी के सिंह द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक तीनों गांवों के कुल 421 खसरा संख्या में 1500 से ज्यादा किसान परिवारों की जमीन तीसरे चरण में शामिल है। जिसकी खरीद किसानों से सहमति के आधार पर सीधे की जाएगी।जिलाधिकारी ने चिह्नित खसरा संख्या से जुड़े अन्य लोगों से भी अपील की है कि वे अपने दावे दस दिन में डीएम कार्यालय में जमा करा सकते हैं।

आपसी सहमति से सीधी खरीद करने की घोषणा की गई
औद्योगिक गलियारा के तीसरे फेज के लिए तीन गांवों की कुल 237 हेक्टेयर जमीन चिह्नित करके उसकी आपसी सहमति से सीधी खरीद करने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के साथ ही मेरठ में औद्योगिक गलियारा का कुल क्षेत्रफल लगभग दो हजार एकड़ हो जाएगा।
डा. वी के सिंह, जिलाधिकारी

गांववार जमीन और खसरा संख्या
गांव का नाम------चिह्नित जमीन (हेक्टेयर में)----कुल खसरा संख्या
अटौला----44.3240-------75
शाफियाबाद लौटी----39.8390----65
अजरा़ड़ा-----153.3800-----281