Industrial Corridor में पांच भूखंड आवंटित; चार पर चल रही प्रक्रिया... अमेरिकी कंपनी करेगी 2913 करोड़ का निवेश
मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक गलियारे के पहले चरण में यूपीडा द्वारा 24 बड़े भूखंड आवंटित किए जाएंगे, जिनमें से ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे के पास विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे का स्थलीय मानचित्र।
HighLights
मेरठ औद्योगिक गलियारे में 24 बड़े भूखंडों का आवंटन होगा।
पांच भूखंड आवंटित, अमेरिकी कंपनी करेगी बड़ा निवेश।
यूपीडा द्वारा अवस्थापना सुविधाओं का विकास शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के पास विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारा के प्रथम चरण का स्वरूप लगभग निर्धारित हो गया है। इसमें यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण) मात्र 24 उद्योगों को भूखंड आवंटित करेगा। यानि यहां बड़ी बड़ी औद्योगिक इकाईयां लगेंगी। अभी तक पांच भूखंडों का आवंटन विभिन्न कंपनियों को किया भी जा चुका है।
तीन बड़े भूखंडों के आवंटन के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। इनका परीक्षण किया जा रहा है, जल्द भूखंडों का आवंटन होगा। इनमें अमेरिकी कंपनी बाल कारपोरेशन का आवेदन भी शामिल है। यह कंपनी 20 हेक्टेयर जमीन में 2913 करोड़ का निवेश करेगी। एक भूखंड पर आवेदन अभी लिए जा रहे हैं। शेष 15 पर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का देशी विदेशी कंपनियों को इंतजार है।
जिसका प्रोजेक्ट विश्वनीय होगा, उसे ही मिलेगी जमीन
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे मेरठ से लेकर प्रयागराज तक सभी 12 जनपदों में प्रदेश सरकार औद्योगिक गलियारा विकसित कर रही है। मेरठ में प्रथम चरण 214 हेक्टेयर जमीन में है।इस गलियारा में जमीन प्राप्त करना आसान नहीं है।
सरकार ने भूमि आवंटन के लिए जो नियम और प्रक्रिया निर्धारित की है उसके मुताबिक जमीन उस कंपनी को ही मिल पाएगी तो जमीन मिलते ही उद्योग स्थापित करेगी, आवंटित भूमि के ज्यादा से ज्यादा भाग का उपयोग करेगी, सर्वाधिक लोगों को रोजगार देगी तथा आर्थिक रूप से मजबूत होगी। यानि जिस कंपनी का प्रोजेक्ट मजबूत होगा जमीन केवल उसी को मिलेगी।आवेदन और कंपनियों के प्रोजेक्ट के परीक्षण के लिए सरकार ने यूपीडा में विशेष टीम गठित की है।
अभी तक पांच भूखंडों का आवंटन, 1000 करोड़ से ज्यादा का निवेश पक्का
मेरठ में औद्योगिक गलियारा के पहले चरण में यूपीडा ने मात्र 24 भूखंड निर्धारित किए हैं। यानि यहां स्थापित होने वाले उद्योग बड़े होंगे। आवेदन और आवंटन प्रक्रिया निवेश मित्र के माध्यम से आनलाइन की जा रही है। अभी तक 15 से 20 हजार वर्ग मीटर के पांच भूखंड विभिन्न कंपनियों को आवंटित किए गए हैं। तीन भूखंडों पर आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रोजेक्ट का परीक्षण किया जा रहा है।
इन्हीं में अमेरिकी कंपनी बाल कारपोरेशन का आवेदन भी शामिल है। कंपनी ने लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले भूखंड पर आवेदन किया है।उसने यहां 2913 करोड़ के निवेश का प्रोजेक्ट दिया है।एक भूखंड के लिए आवेदन अभी लिए जा रहे हैं।
शुरू होना वाला है अवस्थापना सुविधाओं का विकास
औद्योगिक गलियारा में सड़क, नाली, सीवर, नाले, बिजली लाइनें, पानी आपूर्ति समेत विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं का विकास कार्य शुरू होने वाला है। यूपीडा द्वारा चयनित ब्लैक लीड इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड ने यहां अपना प्लांट और साइट कार्यालय स्थापित कर लिया है।जमीन के चिह्नांकन का कार्य किया जा चुका है।
देशी विदेशी कंपनियां हैं जमीन की लाइन में
आइएमएलसी नोड मेरठ के प्रभारी सर्वेश यादव, इनवेस्ट यूपी से ऋषभ सक्सेना ने बताया कि मेरठ के औद्योगिक गलियारा में उद्योग लगाने के लिए कई देशी और विदेशी नामचीन कंपनियां उद्योग लगाने के प्रयास में हैं।उनकी टीमें लगातार मौके पर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण कर रही हैं।
ये भूखंड हो गए आवंटित
भूखंड संख्या......कंपनी का नाम------क्षेत्रफल (वर्ग मीटर)
09.....मैसर्स मीटा क्राफ्ट प्रा. लिमिटेड...... 20,123
10......डीएसएन खंडेलवाल ट्रेडर्स.....15,073
11...... नाम प्रदर्शित नहीं...... 15,000
15......नाम प्रदर्शित नहीं...... 20,059
24......लूम सोलर प्राइवेट लिमिटेड...... 33,400
इन तीन भूखंडों पर चल रही चयन प्रक्रिया
भूखंड संख्या...........क्षेत्रफल (वर्ग मीटर)
08...... 20,089
14......16,044
23....1,95,103
इस भूखंड पर करें आवेदन
भूखंड संख्या...........क्षेत्रफल (वर्ग मीटर)
22......1,07, 565
एल्युमीनियम केन बनाएगी बाल ब्रेवरेज
अमेरिका मूल की कंपनी बाल कारपोरेशन पेय पदार्थों, पर्सनल केयर और घरेलू उत्पादों के लिए पर्यावरण के अनुकूल रिसाइकिलेबल एल्युमीनियम के केन और बोतलें बनाती है।दुनिया भर में इसके 65 से ज्यादा प्लांट हैं।कंपनी सालाना 100 बिलियन से अधिक पैकेजिंग यूनिट्स की आपूर्ति करती है।भारत में यह कंपनी बाल बेवरेज पैकेजिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के नाम से काम कर रही है। भारतीय बाजार में कोल्ड ड्रिंक्स, बीयर, एनर्जी ड्रिंक्स और डेयरी उत्पादों के लिए एल्युमीनियम केन उपलब्ध कराती है।फिलहाल इसके भारत में दो प्लांट तलोजा (महाराष्ट्र) और श्री सिटी (आंध्र प्रदेश) में हैं।मेरठ में यह कंपनी तीन हजार करोड़ के निवेश की तैयारी कर रही है।कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने दो दिन पहले लखनऊ में मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की।
