मेरठ: मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से युवक की मौत, मायके गई थी पत्नी
मेरठ के मवाना में एक तिमंजला मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से 30 वर्षीय युवक आशु की जलकर ...और पढ़ें

HighLights
सूचना पहुंची पुलिस, शव मर्चरी भेजा।
आग में घर का सामान भी जलकर राख।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। मवाना के मुहल्ला काबलीगेट में थाने के पीछे गली में स्थित मकान की दूसरी मंजिल में सोमवार मध्य रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से एक युवक जलने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व अग्निशमन की गाड़ी पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग में घर का सामान भी जलकर राख हो गया।
थाने के पीछे गली में सुदेश वाल्मीकि का तिमंजला मकान है। सोमवार रात्रि में संदिग्ध परिस्थितियोंं में मकान की दूसरी मंजिल में आग लग गई। जहां पर उनका 30 वर्षीय बेटा आशु सोया हुआ था। जबकि सबसे ऊपर कमरे में उसका भाई अजय व सबसे नीचे उसकी मां गीता व भाई रिंकू था। रात लगभग ढाई बजे चौकीदार भ्रमण करता हुआ जब गली में पहुंचा तो मकान में आग लगी देख उसने शोर मचाया।
स्वजन जीने उतर कर बाहर निकल आए, लेकिन दूसरी मंजिल पर आग उग्र हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ब्रहमकुमार त्रिपाठी मय फोर्स पहुंचे और फायर स्टेशन को सूचना दी। अग्नि शमन की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आशु की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को मर्चरी भिजवा दिया। आग में डबल बेड, छत के पंखे, कपड़े व अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
थाना प्रभारी ब्रह्मकुमार त्रिपाठी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद था। मृतक की पत्नी गत दिवस अपने मायके चली गई थी। आग के कारण का पता नहीं लग पाया है। आग किस कारण से लगी यह जांच का विषय है। हालांकि यह शराब भी पीता था।
छोटे भाई ने फांसी लगाकर की थी आत्महत्या
मृतक आशु चार बच्चों में दूसरे नंबर का था और शादी शुदा था। बड़ा भाई प्रिंस, तीसरे नंबर का अजय है। जबकि चौथे नंबर के सबसे छोटे बेटे अमरदीप ने 2020 में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अजय सबसे ऊपर के हिस्से में रहा है। जबकि प्रिंस सबसे नीचे मां गीता के साथ रहता है।
मायके मुजफ्फरनगर गई है पत्नी
मृतक की पत्नी रेनू अपने मायके मुजफ्फरनगर गई है। जबकि तीनों बच्चों को भी साथ ले गई थी। मृतक आशू फिलहाल बेरोजगार था। जबकि पूर्व रामबाग में इंडियन बैंक में चपरासी का काम करता है।
