विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में दो दिन से बंद होटल के कमरे का पुलिस ने तोड़ा दरवाजा, फंदे पर लटकती मिली शामली के युवक की लाश

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 17 Sep 2026 02:08 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के सदर बाजार स्थित खालसा होटल में दो दिन से बंद कमरे में एक युवक का शव ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. 15 सितंबर की शाम खालसा होटल में कमरा लेकर रुका था विपुल शर्मा

  2. कमरे से बीयर की पांच बोतलें मिलीं, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जागरण संवाददाता, मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र के खालसा होटल में दो दिन से बंद कमरे में एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर शामली निवासी युवक का शव फंदे से लटका मिला। कमरे से बीयर की पांच बोतलें भी बरामद हुई हैं। इनमें दो भरी और तीन खाली थीं। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं।

15 सितंबर की शाम लिया था कमरा

शामली की पंजाबी कॉलोनी निवासी विपुल शर्मा (29) 15 सितंबर की शाम खालसा होटल पहुंचा था। होटल कर्मचारियों के मुताबिक, आधार कार्ड देखकर उसकी फोटो कॉपी रखने के बाद उसे कमरा दिया गया था। कमरा लेने के बाद विपुल बाहर नहीं निकला। कर्मचारियों ने उसे कमरे से आते-जाते नहीं देखा।

गुरुवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने पर कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो विपुल का शव फंदे के सहारे लटका मिला।

कमरे में मिलीं बीयर की पांच बोतलें

पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो बीयर की पांच बोतलें मिलीं। इनमें दो भरी और तीन खाली थीं। पुलिस ने कमरे से मिले सामान को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर कमरे और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

होटल आने के बाद कौन मिला, जांच का हिस्सा

पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति और कमरे से आ रही दुर्गंध को देखते हुए मौत 15 सितंबर को होटल पहुंचने के दिन या उसके आसपास होने की आशंका है। हालांकि, मौत का वास्तविक समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस होटल कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही यह भी पता लगा रही है कि विपुल के होटल पहुंचने के बाद उससे मिलने कोई व्यक्ति आया था या नहीं। आसपास और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

आधार कार्ड की फोटो कॉपी लेकर दिया था कमरा

होटल कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि विपुल ने कमरा लेते समय आधार कार्ड दिखाया था, जिसकी फोटो कॉपी होटल में रखी गई है। कर्मचारियों के मुताबिक, होटल आने के समय युवक सामान्य नजर आ रहा था और उसके व्यवहार से किसी परेशानी का अंदाजा नहीं हुआ था। मामले में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।