विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान एक और अभ्यर्थी की मौत, अब तक तीन ने गंवाई जान

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:27 AM (IST)

मेरठ में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में एक और अभ्यर्थी सचिन की मौत हो गई, जो इस प्रक्रिया में तीसरी मृत्यु है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सचिन की मौत, होमगार्ड पीईटी में तीसरी दुखद घटना।

  2. रविवार को भी कई अभ्यर्थी बेहोश, एक का पैर फ्रैक्चर।

  3. भर्ती बोर्ड ने मौतों और व्यवस्थाओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। होमगार्ड भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) रविवार को भी जारी रही। मौत, घायल व बीमार होने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। रविवार देर रात 11.18 बजे आनंद हॉस्पिटल में उपचार करा रहे होमगार्ड परीक्षा में शामिल अभ्यार्थी शामली के गुज्जपुर झिंझाना निवासी सचिन पुत्र विनोद कुमार की मौत हो गई।

16 सितंबर को वह दौड़ के दौरान बेहोश होकर गिर गए थे। पहले सुबह उन्हें मेडिकल कॉलेज तथा शाम को स्वजन आनंद हॉस्पिटल ले आए थे। यहां वह वेंटीलेटर पर थे। दूसरी ओर, रविवार को पीईटी परीक्षा में महिला अभ्यर्थी भी शामिल हुई। रविवार को 995 महिला व पुरुष अभ्यार्थियों ने इसमें भाग लिया।

निर्धारित समय पर 39 पुरुष 47 महिलाएं दौड़ पूरी नहीं कर पाई। इसके चलते वह भर्ती प्रकिया से बाहर हो गई। रविवार को पांच राउंड में शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। इस दौरान गर्मी नहीं झेल पाने पर एक अभ्यर्थी बेहोश हो गया। जबकि एक के पैर में फैक्चर हो गया। बताया जा रहा है कि उसके पैर में पहले भी फ्रैक्चर हुआ था। इसके अलावा एक दर्जन अभ्यार्थियों की हालत बिगड़ी।

उनका मौके पर ही उपचार किया गया। दोनों अभ्यार्थियों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक को स्वजन कुछ देर बाद ही घर ले गए। दूसरे का उपचार जारी है।

प्रदेश में होमगार्ड्स के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए मंगलवार से पीईटी शुरू हुई है। अभिलेखों के सत्यापन के बाद शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी-पीएसटी) में चयनित करीब एक लाख अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पहले दिन 1017 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

80278387

शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुषों को 4.8 किमी की दौड़ 28 मिनट व महिलाओं को 2.4 किमी दौड़ 16 मिनट में पूरी करना है। दौड़ पूरा करने के लिए पुरुष अभ्यर्थियों ने स्टेडियम में 12 चक्कर व महिलाओं को छह चक्कर लगाने है। पहले दिन सुबह करीब 10 बजे गर्मी होने से 11 अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गए। इसमें से दो की मौत हो गई थी।

एक दर्जन अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ी

शामली के झिंझाना निवासी सचिन की हालत गंभीर बनी हुई थी। वह तभी से वेंटीलेटर पर थे। रविवार रात उनकी मौत की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में ले लिया। शव मर्चरी भेजने की तैयारी चल रही है। इन घटनाओं के बाद से सुबह पांच बजे से शारीरिक दक्षता परीक्षा की शुरू की जा रही है। इसके बाद भी अभ्यर्थी परीक्षा में दमखम नहीं दिखा पा रहे हैं।

लगातार उनके बेहोश व चोटिल होने का सिलसिला जारी है। रविवार को 433 महिला अभ्यार्थी भी शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुई। जबकि 562 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हुए। महिला वर्ग में निर्धारित 16 मिनट में 386 व पुरुष वर्ग में 28 मिनट में 4.8 किमी की दौड़ 523 ने अभ्यर्थियों ने पूरी की।

इस दौरान एक दर्जन की हालत बिगड़ी। हालांकि किसी महिला अभ्यर्थी को मेडिकल सुविधा की जरूरत नहीं पड़ी। इनमें सन्नी कुमार निवासी अलीगढ़ के पैर में फैक्चर आया। इसी जिले के कार्तिक कुमार बेहोश हो गया। दोनों का उपचार करने के बाद डाक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

एसपी अवनीश कुमार ने बताया कि सोमवार को भी शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी रहेगी। 1050 महिला व पुरुष इस परीक्षा में सम्मिलित होंगे। सुबह निर्धारित समय पर कैलाश प्रकाश स्टेडियम में ही पीईटी परीक्षा पूरी तैयारी से संपन्न कराई जाएगी।

दो अभ्यार्थियों की मौत पर भर्ती बोर्ड ने मांगी रिपोर्ट

होमगार्ड भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में हुई शामली के लिसाढ़ गांव के पूर्व सैनिक 40 वर्षीय अंकुज मलिक और हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के मुक्तेश्वर निवासी तरुण की मौत पर होमगार्ड भर्ती बोर्ड ने नोडल अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

इसमें उन्होंने दोनों अभ्यर्थियों की मौत का कारण, पीईटी परीक्षा के दौरान किए गए बंदोबस्त, बेहोश व चोटिल होने वालों की संख्या व इन हालात के बाद किए गए कार्य व तैयारियों की जानकारी मांगी है।

एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि इसकी रिपोर्ट भर्ती बोर्ड को भेजी जा रही है। अभ्यर्थियों को सुरक्षा, उपचार व अन्य व्यवस्थाओं के जरूरी बंदोबस्त किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, मेरठ में पंपों को 30 सितंबर तक जरूरी तकनीकी व्यवस्था करने के निर्देश