विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में जून की पहली बरसात, तापमान में गिरावट; सहारनपुर में मकान की छत गिरने से बुजुर्ग की मौत

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 11 Jun 2026 04:40 PM (IST)

मेरठ में जून की पहली बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। सहारनपुर में तेज वर्षा के दौरान मकान की छत गिरने से बुजुर्ग की मौत हो गई।

सहारनपुर में वर्षा के दौरान गिरी मकान की छत और मेरठ के मवाना क्षेत्र में सड़क पर गिरा पेड़।

सहारनपुर में वर्षा के दौरान गिरी मकान की छत और मेरठ के मवाना क्षेत्र में सड़क पर गिरा पेड़।

HighLights

  1. मेरठ शहर में तीन मिलीमीटर बरसात की गई दर्ज।

  2. सहारनपुर के किशनपुर में गिरी मकान की छत।

जागरण संवाददाता, मेरठ। जून में पहली बार मेघ मेहरबान हुए हैं। इसके पहले कई बार बादल छाए, लेकिन बिना बरसात के ओझल हो गए। बुधवार की रात अचानक मौसम बदलने से भीषण गर्मी से लोगों को कुछ निजात मिली। सुबह तक तीन मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई।

बुधवार को जो तापमान दोपहर 12 बजे 35 डिग्री तक पहुंच गया था, वह गुरुवार को इसी समय 31 डिग्री पहुंच गया।  शाम चार बजे यह 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने एक बार फिर देर शाम और शुक्रवार की सुबह तक धूल भरी हवाओं के साथ बरसात की संभावना जताई है।

मानसून महाराष्ट्र में पहुंच गया है। यह रुक-रुक कर आगे बढ़ रहा है। मेरठ में मानसून पहुंचने का निर्धारित समय 29 जून है। यह कब पहुंचेगा को इसको लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है।
मेरठ में पिछले पांच दिनों से भीषण गर्मी के प्रकाेप से लोग त्रस्त थे। तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक पर बना हुआ था। 

उधर मवाना में सुबह तेज हवा के साथ हुई बूंदाबांदी व तेज हवा के बीच ततीना समेत कई गांवों में पेड़ उखड़ गए। लाइन के तार टूटने कई जगह बिजली सप्लाई बाधित हुई। 

सहारनपुर में तेज वर्षा के दौरान मकान की छत गिरी

सहारनपुर। जड़ौदा पांडा क्षेत्र में गुरुवार सुबह आंधी के साथ आई तेज वर्षा से एक मकान की छत गिर गई। इसके मलबे में दबाकर किशनपुर निवासी 77 वर्षीय सुलेख चंद की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिजनौर हुई बरसात

बिजनौर। चांदपुर और कुछ अन्य क्षेत्रों में गुुरुवार सुबह आसमान में छाए घने काले बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच बरसात हुई। इससे क्षेत्र के लोगों को गर्मी से राहत मिली। 

मुजफ्फरनगर में मौसम सुहावना 

मुजफ्फरनगर। जिले के गई क्षेत्रों में सुबह के समय झमाझम बरसात होने से मौसम सुहावना हो गया। आकाश में काली घटाएं व बिजली की गड़गड़ाहट के साथ तेज बरसात हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली।