विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में सगाई के लड्डू पर कहासुनी... मारपीट के बाद हुई फायरिंग, तीन लोग हिरासत में

Published: Thu, 15 Oct 2026 10:18 AM (IST)

मेरठ के लिसाड़ी गेट स्थित जमुनानगर एवन कॉलोनी में सगाई के लड्डू बांटने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई।

सगाई के लड्डू के विवाद में हुई फायरिंग।

सगाई के लड्डू के विवाद में हुई फायरिंग।

HighLights

  1. सगाई के लड्डू बांटने पर मेरठ में विवाद

  2. जमुनानगर एवन कॉलोनी में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

  3. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया

जागरण संवाददाता, मेरठ। लिसाड़ी गेट की जमुनानगर एवन कालोनी में सगाई के लड्डू बांटने को लेकर कालोनी के दो पक्षों में पहले जमकर लाठी-डंडे चले। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे के घर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे लोग सहम गए।

जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने फायरिंग के तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है। थाने पर आरोपितों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी गई है।

जमुनानगर एवन कालोनी में खुर्शीद के बेटे आजम की सगाई आई थी। इसमें लड्डू बांटे जा रहे हैं। इसी दौरान कालोनी के ही सलमान व अलीमुद्दीन में लड्डू को लेकर कहासुनी हो गई। अलीमुद्दीन ने सलमान का मोबाइल छीन लिया। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को घर भेज दिया।

आरोप है कि कुछ देर बाद अलीमुद्दीन अपने 10-12 साथियों संग सलमान के घर पहुंच गया और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग सहम गए और घरों में छिप गए।

सलमान ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पीछा कर अलीमुद्दीन, सावेज व माज को हिरासत में ले लिया। उनके पास से पुलिस को कोई असलाह नहीं मिला। पुलिस तीनों को थाने ले आई। सलमान ने आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच व पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है।