तारबंदी से करें फसल सुरक्षा; मेरठ उद्यान विभाग की है यह खास योजना, जानिए किसे मिलेगा कितना अनुदान
मेरठ में किसानों को जंगली पशुओं से फसल सुरक्षा के लिए तारबंदी योजना शुरू हुई है। उद्यान विभाग इस योजना में प्रति मीटर 150 रुपये का अनुदान दे रहा है।

खेत के चारों तरफ चार लेयर में कंटीले तारों के बारे में जानकारी देते विशेषज्ञ। सौ. स्वयं
HighLights
जंगली पशुओं से फसल बचाने को तारबंदी योजना शुरू।
मेरठ उद्यान विभाग दे रहा 150 रुपये प्रति मीटर अनुदान।
किसान कार्यालय आकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। फसलों का नुकसान किसानों के लिए बड़ी चिंता का विषय है। जंगली पशुओं से लेकर निराश्रित गोवंश, नीलगाय या आवारा पशु खेत में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान बेहद परेशान हैं। किसानों को इस नुकसान से बचाने और फसलों को सुरक्षित करने के लिए योगी सरकार ने तारबंदी फेंसिंग के लिए महत्वपूर्ण योजना शुरू की है।
इस योजना में खेत के चारों तरफ चार लेयर में कंटीली तार लगा दी जाती हैं, जिससे कोई भी पशु खेत में नहीं घुस पाता है। मेरठ जिले में इसके लिए पहली बार उद्यान विभाग को दो हजार मीटर एरिया को कवर करने का बजट जारी किया गया है। इसमें किसान का 300 रुपये प्रति मीटर खर्चा होगा, जिसमें 150 रुपये प्रति मीटर की धनराशि उसे अनुदान के रूप में उद्यान विभाग के माध्यम से मिल जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी मेरठ अरुण कुमार ने बताया कि इस योजना में जिले का लगभग लगभग पांच हेक्टेयर क्षेत्रफल रकबा आच्छादित किया जा सकता है। हालांकि, यह संख्या बहुत छोटी है, लेकिन पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह शुरूआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत दस फीट की दूरी पर लोहे के ऐंगल लगाए जाएंगे। इसमें फेंसिंग तारबंदी के रूप में खेत के चारों तरफ चार लेयर की तार स्थापित होंगी।
किसान 300 रुपये प्रति मीटर का खर्चा के अनुसार अपने बिल को उद्यान विभाग में जमा करेगा, वहां से उसे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से अनुदान की धनराशि जारी की जाएगी।
उद्यान विभाग कार्यालय आकर संपर्क कर सकते हैं किसान
खेतों में तारबंदी यानी फेंसिंग को लेकर पहली बार उद्यान विभाग को शासन से लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसमें किसानों को 150 रुपये प्रति मीटर के अनुसार अनुदान दिया जाएगा। यह योजना उन किसानों के लिए फायदेमंद है, जिनके खेत में अक्सर पशुओं के घुसने से नुकसान होता है।
यह योजना फसलों की सुरक्षा के लिए बनाई गई है। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान मेरठ सर्किट हाउस परिसर स्थित उद्यान विभाग कार्यालय आकर संपर्क कर सकता है।-अरुण कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मेरठ।
