सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त; डीएम ने कहा-अवैध कट बंद करें, हाईवे पर फुटओवर ब्रिज बनाए एनएचएआइ
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआइ को हाईवे पर अवैध कट बंद करने ...और पढ़ें

जिलाधिकारी डा. वीके सिंह।
HighLights
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के सभी प्रविधानों का पालन करने को कहा।
एनएचएआइ को अवैध कट बंद कर फुट ओवर ब्रिज बनाने का निर्देश।
ब्लैक स्पॉट सुधारने, सड़कें गड्ढामुक्ति के लिए कार्ययोजना के आदेश।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने सड़क सुरक्षा के सभी प्रविधानों का पालन करने का निर्देश दिया। एनएचएआइ अधिकारियों को उन्होंने हाईवे पर सभी अवैध कट बंद कराने तथा मेरठ-करनाल और मेरठ-पौड़ी हाईवे पर पर्याप्त संख्या में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटनाओं को कम से कम किया जा सके।
बैठक में अनुपस्थित क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी का उन्होंने एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। ब्लैक स्पाट पर सुधार के सभी आवश्यक कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश उन्होंने संबंधित विभागों के अफसरों को दिया। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर इस कार्य को पूरा किया जाए। घंटाघर के पास सड़क के बीचोबीच खड़े बिजली के खंभों को हटाने के लिए उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बजट स्वीकृत करके कार्रवाई कराने का निर्देश दिया।
नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआइ, एनसीआरटीसी एवं अन्य संबंधित विभागों को उन्होंने अपने क्षेत्रों में सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा उनकी गुणवत्ता को बेहतर रखने का निर्देश दिया। बैठक में सीएमओ डा. रामप्रसाद, एस पी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सत्येन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।
