मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: रालोद पदाधिकारियों संग जयंत चौधरी से मिलीं सलोनी, रणनीति पर चर्चा
पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा व प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा के नेतृत्व में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए विपक्ष की संयुक्त प्रत्याशी सलोनी गुर्जर के साथ गुरुवार को रालोद के पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की।
मेरठ, जेएनएन। पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा व प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा के नेतृत्व में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए विपक्ष की संयुक्त प्रत्याशी सलोनी गुर्जर के साथ गुरुवार को रालोद के पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मिलने उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे। जयंत चौधरी ने सभी जिला पंचायत सदस्यों को जीत की बधाई दी। जिसके बाद मिलने पहुंचे विपक्ष के नेताओं ने भाजपा की रणनीति को लेकर चर्चा की और रणनीति बनाई।
पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा ने बताया कि भाजपा जनादेश के खिलाफ जाकर सत्ता के दुरुपयोग से जिला पंचायत अध्यक्ष पद को जबरन कब्जाना चाहती है। लेकिन उसकी यह मंशा किसी भी हाल में विपक्ष पूरी नहीं होने देगा। प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा ने दावा किया कि संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी सलोनी को फिलहाल 22 जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। लेकिन भाजपा जोड़-तोड़ की राजनीति के सहारे कुर्सी पाने का ख्वाब देख रही है। जयंत चौधरी से मुलाकात करने वालों में रालोद के समर्थन से जीते जिला पंचायत के छह सदस्य व वार्ड संख्या दस से अश्वनी शर्मा मौजूद रहे। रालोद पदाधिकारियों व जिला पंचायत सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी की जीत का विश्वास दिलाया। पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा, जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़, पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल देव, रणवीर दहिया, अश्वनी शर्मा, सलोनी गुर्जर व अनुज गुर्जर आदि मौजूद रहे।
सपा ने ब्लाक प्रमुख के दावेदारों से मांगे आवेदन
सपा ने ब्लाक प्रमुख पद के दावेदारों से आवेदन मांगे हैं। 15 जून तक आवेदन किया जा सकता है। जिले के सभी 12 ब्लाकों के प्रमुख पद पर सपा अपना प्रत्याशी उतारेगी। जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस संबंध में निर्देश दिया है। आवेदन जिला महासचिव संजीव यादव के पास जमा किए जाएंगे।