गुरुजी के पास नहीं मिली टीचर डायरी, शिक्षक व प्रधानाचार्य गैरहाजिर, DIOS मेरठ के विद्यालयों के निरीक्षण में खुली पोल
Meerut News: डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने मेरठ के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जहां शिक्षक डायरी न मिलने, शिक्षकों ...और पढ़ें

राम सहाय इंटर कालेज के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर चेक करते जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल, दाएं से दूसरे। साथ में प्रधानाचार्य डा. सुखनंदन त्यागी। सौ. विभाग
HighLights
डीआईओएस ने मेरठ के पांच स्कूलों का निरीक्षण किया।
शिक्षकों के पास शिक्षक डायरी नहीं मिली।
कई शिक्षक, कर्मचारी और प्रधानाचार्य अनुपस्थित पाए गए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने शहर के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के पास शिक्षक डायरी नहीं मिलीं। शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं प्रधानाचार्य अनुपस्थित मिले।
वहीं, साफ-सफाई न मिलने कड़ी नाराजगी जताई। अनुपस्थित मिले कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्य का जवाब-तलब किया। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर एक दिन का वेतन रोकने एवं काटने के भी निर्देश दिए गए।
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज बेगमपुल रोड खूनी पुल में किए औचक निरीक्षण के समय लिपिक सुनील कुमार, शुभम सैनी व आंचल तोमर एवं सहायक अध्यापिका शैली अनुपस्थित मिले। विद्यालय में पंजीकरण 760 छात्रों में से मात्र 150 छात्र ही उपस्थित मिले। शिक्षिका सुषमा यादव, सर्वेश शर्मा, मधु एवं रजनी सक्सेना अवकाश पर मिली।
अध्यापकों एवं लिपिक के अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। डीआइओएस ने विद्यालय में साफ-सफाई न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। विद्यालय में नवनिर्मित शौचालय, प्रयोगशाला, डिजीटल लैब, स्मार्ट क्लास को प्रयोग में लाने के भी निर्देश दिए।
राम सहाय इंटर कालेज
राम सहाय इंटर कालेज गढ़ रोड के निरीक्षण के दौरान आउट सोर्सिंग कर्मचारी लोकेश कुमार अनुपस्थित मिले। कक्षा दसवीं बी के छात्रों ने अवगत कराया कि उनकी कक्षा के मासिक टेस्ट नहीं हुए हैं। विद्यालय में कहीं भी समय-सारिणी नहीं मिली। किसी भी शिक्षक के पास शिक्षक डायरी एवं पाठ योजना नहीं पायी गई।
निरीक्षण के समय कक्षा छह ए के छात्रों ने बताया कि विद्यालय में मिड-डे मील में दूध, केला व फल आदि नहीं दिए जाते। प्रवेश के समय आवेदन के नाम पर सौ रुपए लिए जाते हैं। डीआइओएस ने अनुपस्थित कर्मचारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कक्षाओं के मासिक टेस्ट कराने व समय-सारिणी चस्पा कराने के निर्देश दिए।
शांता स्मारक कन्या इंटर कालेज
शांता स्मारक कन्या इंटर कालेज गढ़ रोड में निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य अपने कक्ष में नहीं मिली। इसकी बजाय स्टाफ रूम में बैठी पायी गई। प्रधानाचार्य ने जानकारी करने पर बताया कि बाबू के न आने के कारण प्रधानाचार्य कक्ष नहीं खुला है। कक्षा-11 ए के निरीक्षण के समय शिक्षिकाओं के पास शिक्षक डायरी नहीं मिली। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में दूध नहीं आ रहा है।
अनुपस्थित बाबू का स्पष्टीकरण लेने व संतोषजनक न होने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि यदि एमडीएम के तहत दूध नहीं आता है तो उस संबंध में बीएसए को अवगत कराया जाए।
राजकीय कन्या इंटर कालेज माधवपुरम
राजकीय कन्या इंटर कालेज माधवपुरम के निरीक्षण के समय प्रधानाचार्य, लिपिक संदीप तेवतिया एवं राजेंद्र सिंह अनुपस्थित मिले। कंप्यूटर कक्ष अव्यवस्थित एवं गंदा पाया गया। प्रथम तल पर शौचालय भी अत्यधिक गंदे मिले। उन्होंने प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण मांगा है। अनुपस्थित लिपिक का जवाब संताेषजनक न होने पर उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएन इंटर कालेज
डीएन इंटर कालेज के निरीक्षण के समय प्रधानाचार्य आकस्मिक अवकाश पर मिले। विद्यालय परिसर साफ-सुथरा पाया गया। विद्यालय में छात्र-छात्राएं काफी संख्या में अध्ययनरत मिले।
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के निरीक्षण के समय पाया भवन के चारों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां मिलीं। तत्काल कटवाने के निर्देश दिए।
