Meerut Coronavirus News Update: सेना के दस जवानों समेत 161 कोरोना पॉजिटिव, आठ की मौत
मेरठ और आसपास के जिलों में कोरोनावायरस ने कहर बरपा रखा है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही हैं। मेरठ में शुक्रवार को सेना के दस जवानों सहित 161 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढऩे के साथ ही शुक्रवार को एक दिन में सर्वाधिक रिकार्ड मौतें हुईं। जिले में आठ मरीजों की मौत से प्रशासन के माथे पर पसीना आ गया। दस सैन्यकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में डाक्टर और अन्य कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। डाक्टरों ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्राचार्य डा. ज्ञानेंद्र सिंह ने स्टाफ को अलर्ट किया है। हालांकि तमाम प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद स्थिति नियंत्रण में नहीं आ रही है।
आइसीयू वार्ड फुल, 75 आक्सीजन पर
मेडिकल कालेज में भर्ती 153 मरीजों में से 75 मरीज आक्सीजन पर रखे गए हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। 70 बेड के आइसीयू वार्ड में रिकार्ड 63 मरीज भर्ती किए गए हैं। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि शुक्रवार को 2357 सैंपल की जांच में 161 में वायरस मिला। 831 मरीजों को होम आइसोलेशन दिया गया है। 136 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 5019 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इधर, मरीजों की संख्या में उतार- चढ़ाव बना हुआ है।
इनकी हुई मौत
मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड प्रभारी डा. सुधीर राठी ने बताया कि मवाना की 60 साल की महिला, बागपत रोड की 50 साल की महिला, कसेरूबक्सर की 70 साल की महिला, सुनारों वाली धर्मशाला निवासी 70 साल के पुरुष, पुरानी मोहनपुरी की 67 साल की महिला, शास्त्रीनगर के 59 साल के पुरुष, पांडवनगर के 68 साल के पुरुष एवं कंकरखेड़ा निवासी 25 साल के युवक की मौत हो गई।