स्नैपचैट से हुई दोस्ती... शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण, अब सिपाही का आरोप-हनीट्रैप में फंसाया गया
मेरठ में एक सिपाही पर 15 वर्षीय किशोरी ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और धमकी देने का आरोप ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सिपाही पर 15 वर्षीय किशोरी के यौन शोषण का आरोप।
शादी का झांसा देकर शोषण और धमकी का आरोप लगा।
सिपाही ने किशोरी व स्वजन पर हनीट्रैप का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की हाईवे स्थित एक कालोनी निवासी सिपाही पर लोहियानगर क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। किशोरी ने स्वजन के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। वहीं, आगरा में तैनात सिपाही ने भी किशोरी और उसके स्वजन पर हनी ट्रैप में फंसाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के अनुसार मार्च में उसकी मुलाकात स्नैपचैट के माध्यम से कंकरखेड़ा निवासी युवक से हुई थी। युवक उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर आगरा में तैनात है। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी और दोस्ती बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि सिपाही ने किशोरी से शादी करने का वादा किया था।
किशोरी का आरोप है कि 16 जून को सिपाही उसे आगरा बुलाकर एक होटल में ले गया, जहां उसका यौन शोषण किया गया। इसके बाद उसे मेरठ भेज दिया गया। आरोप है कि 13 अगस्त को सिपाही ने उसे कंकरखेड़ा स्थित अपने घर बुलाया और वहां भी उसका यौन शोषण किया। किशोरी ने जब शादी के लिए कहा तो आरोप है कि सिपाही ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में सिपाही ने भी पुलिस को तहरीर देकर किशोरी और उसके स्वजन पर उसे हनी ट्रैप में फंसाने का आरोप लगाया है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
