विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में तय समय में पूरा न हुआ सीएम ग्रिड का काम, ठेका एजेंसी पर लगा 10 लाख का जुर्माना

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 18 Oct 2026 07:09 PM (IST)

मेरठ में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य में देरी पर मैसर्स आरसीसी डेवलपर्स पर 10 लाख रुपये ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो) 

HighLights

  1. सड़क चौड़ीकरण में देरी पर ठेका एजेंसी पर जुर्माना।

  2. मैसर्स आरसीसी डेवलपर्स पर 10 लाख रुपये का दंड।

  3. नगर आयुक्त ने 31 तक कार्य पूरा करने का निर्देश।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सीएम ग्रिड योजना के तहत कमिश्नरी चौराहे से सर्किट हाउस तक सड़क चौड़ीकरण कार्य समय पर पूरा न करने पर ठेका एजेंसी मैसर्स आरसीसी डेवलर्स पर 10 लाख का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई नगर आयुक्त के निर्देश पर अधिशासी अभियंता ने की।

दरअसल, सात अक्टूबर को मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक प्रगति समीक्षा बैठक हुई थी। ठेका एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर राजीव अग्रवाल को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि परियोजना के सभी अवशेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें। संस्था ने स्वयं सहमति जताते हुए प्रत्येक कार्य के लिए दैनिक कार्य लक्ष्य और पूरा करने की तिथियां निर्धारित की गई थीं, लेकिन समीक्षा बैठक के बाद जब स्थलीय निरीक्षण किया गया तो यह पाया गया कि ठेका एजेंसी ने कार्यों में कोई सुधार नहीं किया है।

निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन किया गया। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य नहीं हुआ। पर्याप्त संख्या में श्रमिक, मशीनरी व अन्य आवश्यक संसाधन भी नहीं लगाए गए। तय तारीखों पर काम पूरा नहीं किया गया। 33 केवी विद्युत लाइन व अन्य विद्युत लाइनों का कार्य नौ अक्टूबर तक और वाटर लाइन का कार्य 10 अक्टूबर तक पूरा होना तय था, लेकिन इसमें शिथिलता बरती गई। निर्माण स्थल पर मलबा और निर्माण सामग्री पड़ी होने के कारण लोगों के आवागमन और वाहनों के संचालन में भारी असुविधा व बाधा उत्पन्न हो रही है।

मिट्टी के ढेर और निर्माण सामग्री अस्त-व्यस्त रूप से छोड़ी गई है, जिससे सुरक्षा और सफाई भी प्रभावित है। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए अधिशासी अभियंता देशराज सिंह ने ठेकेदार के खिलाफ 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि 31 अक्टूबर तक ठेकेदार को विद्युत संबंधी सहित सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया गया है। यदि अब भी समय सीमा का ध्यान नहीं रखा गया तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।