एनडी तिवारी के लिए हमेशा खास रहा मेरठ का कताई मिल
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का मेरठ से गहरा नाता रहा।
मेरठ । पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का मेरठ से गहरा नाता रहा। कई मौकों पर उनका यहां आना हुआ और लोगों के बीच सामान्य व्यक्ति की तरह से घुल-मिल जाना उनके व्यक्ति्व की विशेषता रही। मुख्य रूप से परतापुर स्थित कताई मिल को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री काफी भावुक रहते थे। स्थानीय लोगों से मुलाकात के दौरान वह कताई मिल को लेकर सवाल जरूर पूछते थे।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे एनडी तिवारी के निधन की खबर ने गुरुवार को स्थानीय नेताओं को मायूस कर दिया। दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए शोक सभा हुई और उनके साथ बिताए लम्हों को लेकर चर्चाएं भी हुई। गांधीवादी विचारक और समाजसेवी धर्म दिवाकर बताते हैं कि कॉपरेटिव बैंक का समारोह में एनडी तिवारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, तब उन्होंने विकास, युवाओं को रोजगार को लेकर लंबी बात की थी। कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विनोद मोघा ने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए एनडी तिवारी कई मौकों पर मेरठ आए। यहां उनका सभी से व्यवहार आम आदमी की तरह से ही रहता था। ऐसे ही महानगर प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर बताते हैं कि 10 मई 1998 को एनडी तिवारी का शहर में आगमन हुआ था। शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पण के बाद वह भामौरी गांव भी गए थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से खूब बातचीत की। 14 नवंबर 1994 को भी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इसके अलावा गढ़ रोड स्थित सम्राट हैवेंस होटल में आयोजित वैवाहिक समारोह में भी उन्होंने शिरकत की थी। वहीं राज्यसभा सदस्य विजय पाल सिंह तोमर ने कहा कि एनडी तिवारी प्रदेश के विकास पुरुष कहलाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते उत्तर प्रदेश और बाद में उत्तराखंड के औद्योगिकीकरण को गति दी। स्वतंत्रता सेनानी के रूप में भी उन्होंने देश की सेवा की।