जनगणना का दूसरा चरण: जाति, बैंक, आधार और कोविड टीके की जानकारी होगी दर्ज
मेरठ में जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर से 9 जनवरी तक चलेगा, जिसमें जाति, बैंक, आधार और कोविड टीके से संबंधित 40 सवाल पूछे जाएंगे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। जनगणना का दूसरा चरण 16 नवंबर से शुरू होगा और इसकी प्रक्रिया नौ जनवरी तक पूरी की जाएगी। जनपद में चयनित पांच मास्टर ट्रेनरों का चार दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से लखनऊ में शुरू हो गया। मास्टर ट्रेनर जनपद में आकर 130 फील्ड ट्रेनर को प्रशिक्षित करेंगे।
दूसरे चरण में प्रगणक और सुपरवाइजरों की संख्या ज्यादा रहेगी। इस बार आठ हजार से ज्यादा लोगों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जनगणना के दौरान परिवारों से 40 सवाल पूछे जाएंगे, जिसमें आधार, बैंक खाते, कोविड टीका, जाति समेत विभिन्न जानकारियां दर्ज की जाएंगी। जिला प्रशासन ने प्रगणक और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाने के लिए विभागों से कर्मियों की सूची मांगी है।
नोडल अधिकारी एडीएम वित्त कुंवर वीरेंद्र मौर्य और जिला प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्वयं गणना की जाएगी। एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। नौ जनवरी तक का समय रिवीजन व अन्य कार्यों के लिए रखा है।
जिलाधिकारी डाॅ. वीके सिंह ने बताया कि इस बार प्रत्येक प्रगणक को अधिकतम 900 लोगों से संबंधित गणना कार्य सौंपा जाएगा। इस कारण प्रगणकों और सुपरवाइजरों की संख्या बढकर आठ हजार तक हो जाएगी। प्रगणकों की ट्रेनिंग 10 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलेगी।
