विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करियर काउंसलिंग ने रितिका को दिखाई नई राह, ऑडिटर बनना चाहते हैं मेरठ के सीए इंटर के तीनों टॉपर

Published: Fri, 23 Oct 2026 03:43 PM (GMT+05:30)

मेरठ की रितिका गोस्वामी और गौतम शाक्य ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप किया है, जबकि गाजियाबाद की सौम्या भी ...और पढ़ें

CA Inter Result 2026।

CA Inter Result 2026।

HighLights

  1. मेरठ की रितिका गोस्वामी ने सीए इंटरमीडिएट में जिले में टॉप किया।

  2. गौतम शाक्य ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया।

  3. तीनों टॉपर ऑडिटिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

जागरण संवाददाता, मेरठ। CA Inter Result 2026 | चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने का सपना लेकर आगे बढ़ रहे युवाओं के लिए सफलता के मायने केवल परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि अपने लिए बेहतर करियर की राह चुनना भी है।

सीए इंटरमीडिएट सितंबर 2026 की परीक्षा में मेरठ की रितिका गोस्वामी ने जिले में पहला और गौतम शाक्य ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी मेहनत का परिचय दिया है।

वहीं आइसीएआइ मेरठ शाखा से जुड़ी गाजियाबाद के इंदिरापुरम की सौम्या अब आर्टिकलशिप के जरिए पेशेवर अनुभव हासिल करने और करियर के विभिन्न विकल्पों को समझने की तैयारी कर रही हैं। विशेष बात यह है कि तीनों की टापर्स की प्राथमिकता ऑडिट के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करना है।

करियर काउंसलिंग ने आरजी की पूर्व छात्रा रितिका को दिखाई राह

औरंगशाहपुर डिग्गी निवासी रितिका गोस्वामी ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वर्ष 2025 में आरजी इंटर कालेज से 78.6 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने सीए बनने की तैयारी शुरू की थी। सीए फाउंडेशन की तैयारी उन्होंने सीए अमित गुप्ता से आफलाइन कोचिंग लेकर की।

इस परीक्षा में रितिका ने 400 में से 308 अंक प्राप्त किए। इसके बाद इंटरमीडिएट की तैयारी के लिए पीडब्ल्यू (पीडब्ल्यू) की आनलाइन कक्षाओं का सहारा लिया और सफलता हासिल की।

रितिका बताती हैं कि उनके परिवार में कोई चार्टर्ड अकाउंटेंट नहीं है। स्कूल में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान सीए अमित गुप्ता ने विद्यार्थियों को इस पेशे की संभावनाओं और जिम्मेदारियों के बारे में बताया था।

81443883

इसी से प्रेरित होकर उन्होंने सीए बनने का निर्णय लिया। अब उनकी रुचि ऑडिट के क्षेत्र में करियर बनाने की है। रितिका की आइटीटी (इन्फार्मेशन टेक्नोलाजी ट्रेनिंग) पूरी हो चुकी है। अब वह ओसी (ओरिएंटेशन कोर्स) की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद आर्टिकलशिप शुरू करेंगी। उनके पिता दिनेश गोस्वामी गढ़ रोड स्थित मनसा देवी मंदिर के निकट पूजा सामग्री की दुकान चलाते हैं, जबकि मां रीना गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में रितिका सबसे बड़ी हैं।

रितिका की मार्कशीट

  • कुल अंक - 600 में से 454
  • ग्रुप-1 - 231
  • एडवांस्ड एकाउंटिंग - 90
  • कारपोरेट एंड अदर लाज - 72
  • टैक्शेशन - 69
  • ग्रुप-2 - 233
  • कास्ट एंड मैनेजमेंट एकाउंटिंग - 88
  • ऑडिटिंग एंड एथिक्स - 71
  • फाइनेंसियल मैनेजमेंट एंड स्टेटेजिक मैनेजमेंट - 64

गौतम ने डेयरी फार्म में पिता की मदद की और पढ़ाई पर रखा फोकस

गौतम शाक्य ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने वर्ष 2025 में गंगानगर स्थित इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल से 96 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। नौवीं कक्षा में ही उन्होंने कामर्स के क्षेत्र में करियर बनाने का विचार कर लिया था।

बाद में सीए के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने इसी दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया। गौतम ने सीए फाउंडेशन परीक्षा में 240 अंक हासिल किए। इसके बाद बुढ़ाना गेट स्थित कोचिंग संस्थान से आइपीसीसी की कोचिंग ली। पढ़ाई के साथ उन्हें अपने पिता की डेयरी के काम में भी मदद करनी पड़ती थी।

81443880

इसके बावजूद उन्होंने तैयारी पर ध्यान बनाए रखा और सफल हुए। गौतम अब दिल्ली-गुरुग्राम की किसी प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंसी फर्म में आर्टिकलशिप करना चाहते हैं। उनकी विशेष रुचि स्टैच्यूटरी ऑडिट में है, जिसके तहत कंपनियों के वित्तीय विवरणों और खातों का कानूनी प्रावधानों के अनुसार परीक्षण किया जाता है।

उनका मानना है कि आर्टिकलशिप के दौरान मिलने वाला व्यावहारिक अनुभव आगे करियर की दिशा तय करने में मदद करेगा। गौतम के पिता सतीश शाक्य की मीनाक्षीपुरम में डेयरी है, जबकि मां रेखा शाक्य गृहिणी हैं। उनका परिवार कसेरूखेड़ा में रहता है।

गौतम की मार्कशीट

  • कुल अंक : 600 में से 421
  • ग्रुप-1 - 230
  • एडवांस्ड एकाउंटिंग - 82
  • कारपोरेट एंड अदर लाज - 78
  • टैक्शेशन - 70
  • ग्रुप-2 - 191
  • कास्ट एंड मैनेजमेंट एकाउंटिंग - 82
  • ऑडिटिंग एंड एथिक्स - 56
  • फाइनेंसियल मैनेजमेंट एंड स्टेटेजिक मैनेजमेंट - 53

बिग फोर में आर्टिकलशिप से करियर के विकल्प तलाशेंगी सौम्या

गाजियाबाद के इंदिरापुरम की सौम्या सीए बनने की दिशा में आगे बढ़ते हुए अब आर्टिकलशिप की तैयारी कर रही हैं। उनकी प्राथमिकता बिग फोर की प्रतिष्ठित कंपनियों में स्टैच्यूटरी ऑडिट के क्षेत्र में प्रशिक्षण हासिल करना है।

उनका मानना है कि अलग-अलग कंपनियों के ऑडिट से कारोबार की कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रक्रियाओं और व्यावसायिक निर्णयों को समझने का अवसर मिलता है। सौम्या के पिता मोहित कुमार रस्तोगी अकाउंट्स के क्षेत्र में नौकरी करते हैं, जबकि मां मेघा गृहिणी हैं।

सौम्या का कहना है कि सीए के बाद करियर के कई विकल्प उपलब्ध हैं। ऑडिट और टैक्सेशन के अलावा इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, प्राइवेट इक्विटी और कंसल्टिंग जैसे क्षेत्रों में भी अवसर तलाशे जा सकते हैं। हालांकि वह अभी किसी एक क्षेत्र को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लेना चाहतीं।

81443877

सौम्या के अनुसार आर्टिकलशिप के लिए संबंधित कंपनियों में आवेदन करने के साथ साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा। वह प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के साथ अपनी रुचि और क्षमताओं को बेहतर ढंग से समझना चाहती हैं।

सीए फाइनल में प्रदर्शन और आगे मिलने वाले अवसर भी उनके करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होंगे। सौम्या ने सीए की परीक्षा मेरठ से दी थी और वह गाजियाबाद स्थित सिकासा केंद्र से जुड़ी हैं। अब उनका लक्ष्य किसी प्रतिष्ठित फर्म में आर्टिकलशिप हासिल कर पेशेवर अनुभव के आधार पर अपने भविष्य की राह तय करना है।

सौम्या की मार्कशीट

  • कुल अंक : 600 में से 397
  • ग्रुप-1 - 209
  • एडवांस्ड एकाउंटिंग - 82
  • कारपोरेट एंड अदर लाज - 63
  • टैक्शेशन - 64
  • ग्रुप-2 - 188
  • कास्ट एंड मैनेजमेंट एकाउंटिंग - 80
  • ऑडिटिंग एंड एथिक्स - 60
  • फाइनेंसियल मैनेजमेंट एंड स्टेटेजिक मैनेजमेंट - 48

यह भी पढ़ें- CA Inter Result 2026: मेरठ की रितिका गोस्वामी ने किया जिला टॉप, 98 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की