विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में जान के दुश्मन बने बेसहारा गोवंशी, सांड़ों की लड़ाई में फंसी छात्रा और पिता घायल, इसके बाद जागा नगर निगम

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 12 Sep 2026 03:03 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के गंगानगर में दो आवारा सांड़ों की लड़ाई के बीच फंसकर एक छात्रा और उसके पिता गंभीर ...और पढ़ें

गंगानगर स्थित दिव्य ज्योति अस्पताल में भर्ती छात्रा मनस्वी शर्मा, सैनिक विहार से पकड़े गए बेसहारा गोवंशी

गंगानगर स्थित दिव्य ज्योति अस्पताल में भर्ती छात्रा मनस्वी शर्मा, सैनिक विहार से पकड़े गए बेसहारा गोवंशी

HighLights

  1. गंगानगर में सांड़ों की लड़ाई में छात्रा-पिता घायल।

  2. छात्रा का बायां हाथ टूटा, पिता को सिर में चोटें।

  3. मेरठ निगम ने आवारा गोवंश पकड़ने का अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर में छुट्टा घूम रहे गोवंशी लोगों की जान के दुश्मन बने हैं। शुक्रवार सुबह गंगानगर स्थित गार्गी पब्लिक स्कूल के सामने दिल दहला देने वाली घटना हुई। स्कूल जा रही छात्रा और उसके पिता यहां दो आवारा सांड़ों की हिंसक लड़ाई के बीच फंस गए। साड़ों ने उनकी बाइक और पिता-पुत्री को बुरी तरह रौंद डाला। छात्रा का बायां हाथ टूट गया, जबकि उसे बचाने के प्रयास में पिता के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

गंगानगर आइ पाकेट निवासी भारत शर्मा का गंगानगर में ही फ्लेयर पब्लिकेशन है। उनकी 11 साल की बेटी मनस्वी शर्मा गंगानगर स्थित गार्गी पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ती है। शुक्रवार सुबह भारत शर्मा बाइक से बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। जब वह गार्गी स्कूल के सामने गेट पर पहुंचे, तभी अचानक दो सांड़ आपस में लड़ते हुए सड़क पर आ गए।

भारत शर्मा ने बचने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन दोनों लड़ते सांड़ों के बीच में आ गए। इसके बाद पिता-पुत्री सड़क पर जा गिरे। स्कूल के गार्डों ने भी दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन विफल रहे। दोनों घायलों को गंगानगर के दिव्य ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में पता चला कि मनस्वी के बाएं हाथ में फैक्चर है जबकि भारत शर्मा के सिर व अन्य हिस्सों में चोट लगी है।

भारत शर्मा ने बताया कि गंगानगर आइ पाकेट में 10 से अधिक सांड़ सड़कों पर घूमते हैं। आये दिन यहां सांड़ों के बीच लड़ाई होती है और राहगीर उनकी चपेट में आ जाते हैं।

नगर निगम प्रशासन ने सघन अभियान चलाया

गंगानगर क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे सांड़ों के कारण हुए एक भीषण हादसे के बाद नगर निगम प्रशासन ने देर रात सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान गार्गी गर्ल्स स्कूल और आईआईएमटी परिसर के आसपास से एक खतरनाक सांड़ का पकड़कर कान्हा उपवन परतापुर भेजा गया। दूसरे सांड़ को पड़कने के लिए शनिवार को सर्च अभियान जारी है।

नगर निगम का दावा है कि सितंबर में 43 आवारा पशुओं को सड़क से पकडकर कान्हा उपवन भेजा गया है। सभी गोवंशी थे। निगम की कैटल कैचर टीम ने पार्षदों और स्थानीय संगठनों के सहयोग से इनको पकड़ने का काम किया है। सैनिक विहार काॅलोनी, नगला ताशी, कसेरूबक्सर, मलियाना, मोहनपुरी, ब्रह्मपुरी मास्टर कालोनी, रेलवे रोड क्षेत्र, पांडव नगर, नगला बट्टू से आवारा पशुओं को पकड़ा गया है।