मेरठ: दो कारों की टक्कर में चाचा-भतीजी समेत तीन लोगों की मौत; दुल्हन को लेने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर खरखौदा में एक भीषण सड़क हादसे में स्विफ्ट डिजायर और इको कार की टक्कर हो गई, जिसमें ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मेरठ में खरखोदा में भीषण सड़क हादसा हुआ।
दोनों गाड़ियां पलटीं; दो बच्चों समेत चार घायल।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बुलंदशहर हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी ओर पहुंची और सामने से आ रही इको से भिड़ गई। हादसे में चाचा-भतीजी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों और एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार से सिलेंडर निकलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इको दो बार पलटने के बाद सीधी हो गई। यह परिवार निकाह के एक साल बाद मायके से दुल्हन को लेने नोएडा जा रहा था।
भावनपुर के जेई गांव निवासी मुस्तफा के बेटे जिशान का निकाह एक साल पहले गौतमबुद्धनगर में हुआ था। निकाह के बाद पहली बार जीशान अपनी पत्नी को मायके से लेने जा रहा था। दोपहर 12 बजे जिशान, उसकी बड़ी बहन अजरा, चाचा मोबिन, छोटी बहन इशरत, दो बच्चे और अजरा का देवर सुहैल गांव के मोहम्मद साहब की इको से गौतमबुद्धनगर के लिए निकले। इको मोहम्मद साहब चला रहे थे। दोपहर करीब एक बजे इको खरखौदा बाइपास के मढैया कट के पास पहुंची।
इसी दौरान हापुड़ की ओर से स्विफ्ट कार में घर लौट रहा लालकुर्ती के हड्डिया मोहल्ला निवासी अनस मोबाइल पर बात करते हुए संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर दूसरी ओर आई और इको से भिड़ गई। इको दो बार पलटी और फिर सीधी हो गई। कार से सिलेंडर निकलकर खाई में जा गिरा। खिड़की काटकर चालक अनस को बाहर निकाला गया। हादसे में इको चालक 35 वर्षीय साहब, उनके पास बैठे 60 वर्षीय मोबिन और पीछे बैठी 32 वर्षीय इशरत की मौत हो गई।
इशरत का पांच वर्षीय बेटा, अजरा और उनकी तीन वर्षीय बेटी तथा सुहैल घायल हुए। घायलों को एमसीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। हादसे की सूचना पर जेई गांव के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सीओ किठौर समेत पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। डाक्टरों से बातचीत के बाद देर शाम तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। स्विफ्ट चालक अनस की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद पुलिस ने सभी घायलों का उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सिपुर्द कर दिए। साथ ही कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
अभिजीत कुमार, एसपी देहात
