मेरठ में बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल: रविवार को निपटा लें अपने जरूरी काम
सितंबर के अंतिम सप्ताह में बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है, जिससे ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।

HighLights
बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल बुलाई।
27 सितंबर (रविवार) को बैंक खुले रहेंगे, ग्राहक काम निपटा सकते हैं।
हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे UPI, ATM उपलब्ध रहेंगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सितंबर के अंतिम सप्ताह में बैंक ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा यानि महीने का आखिरी शनिवार होने के कारण छुट्टी है। हालांकि 27 सितंबर को रविवार को है, लेकिन इस दिन बैंक खुलेंगे। इस दिन ग्राहक अपने कामकाज निपटा सकते हैं।
बैंक यूनियनों की ओर से पांच दिन बैंकिंग वर्किंग लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया गया है। तीन दिन की हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में लेनदेन समेत कई नियमित सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। ग्राहकों को नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस और शाखा से जुड़े अन्य कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।
यूपीआइ, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। हड़ताल के दौरान बैंकिंग व्यवस्था पर अप्रत्यक्ष असर पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लगातार छुट्टियों और हड़ताल को देखते हुए बैंक ग्राहकों को सलाह दी गई है कि जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें। खासकर चेक जमा करने, नकदी निकालने और अन्य शाखा संबंधी कार्यों के लिए ग्राहक हड़ताल से पहले बैंक पहुंचें।
बैंकिंग सेवाओं पर संभावित असर को देखते हुए संबंधित स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखने और एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। ऐसे में ग्राहकों के लिए 25 सितंबर के बाद 27 सितंबर को जरूरी बैंकिंग काम निपटा लेना सुविधाजनक रहेगा।
