जागरण संवाददाता, मेरठ: उत्तरप्रदेश के मेरठ जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आयी है। रिश्ता टूटने के बाद भी युवक शादी की जिद पर अड़ा था। युवती के मना करने पर भी नहीं मान रहा था। शनिवार रात युवक ने युवती पर ब्लेड से हमला कर दिया। उसके चेहरे और गले पर वार किया, जिससे वह घायल हो गई। स्वजन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, थाने में तहरीर दे दी गई है।

बता दें सदर थाना क्षेत्र की युवती का पड़ोस में रहने वाले युवक से कुछ समय पहले रिश्ता हुआ था। करीब एक सप्ताह पूर्व दोनों के परिवारों में किसी बात पर विवाद हो गया, जिसके बाद रिश्ता टूट गया। इसके बाद भी युवक शादी की जिद पर अड़ा था। उसने कई बार युवती के स्वजन से बात की, लेकिन बात नहीं बनी। उसने युवती से भी शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने भी मना कर दिया था। इस पर युवक गुस्से में था। शनिवार रात युवती घर के बाहर खड़ी थी। तभी आरोपित युवक पहुंचा और उस पर ब्लेड से वार कर दिए। उसके चेहरे और गले से खून निकलने लगा। चीख-पुकार पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिस पर आरोपित भाग गया। आनन-फानन में युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपित के घर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रॉपर्टी के विवाद में पथराव

वहीं एक अन्य जगह देहली गेट थानाक्षेत्र के पूर्वा फैयाज अली निवासी चांद का अपने भाइयों यूसुफ और चमन से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। बताया गया कि तीन दिन पहले यूसुफ और चमन ने चांद के बेटे बिलाल को पीट दिया था। तब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे, लेकिन आसपास के लोगों ने समझौता करा दिया था। शनिवार रात चांद की दोनों भाइयों से कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गए और मारपीट होने लगी। पथराव से मोहल्ले में अफरा-तफरी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दे दी है।

Edited By: Nirmal Pareek