मेरठ में हादसों का कहर: डिवाईडर से बाइक टकराने पर दो दोस्तों की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार छात्रा की मौत
मेरठ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। साकेत चौराहे पर डिवाइडर से बाइक टकराने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कमिश्नर आवास चौराहे पर बाइक डिवाइडर से टकरा।
मेरठ-हापुड़ हाईवे पर छात्रा की स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। कमिश्नर आवास चौराहे पर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। कुछ देर तक यूनिवर्सिटी रोड पर यातायात बाधित रहा। स्वजन को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
पुलिस के अनुसार बागपत के बड़ौत निवासी 42 वर्षीय अमित तोमर व गाजियाबाद की ग्रीनवुड एन्क्लेव के रहने वाले 28 वर्षीय प्रिंस कुमार शहर में एक फार्मा कंपनी में काम करते थे। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे दोनों दोस्त जेल चुंगी की तरफ से बाइक पर आ रहे थे। जब वह कमिश्नर आवास चौराहे के निकट पहुंचे तो उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और दोनों गिर गए।
सड़क में सिर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सिविल लाइंस थाना पुलिस दोनों को जसवंत राय अस्पताल ले गई जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी गौरव कुमार विश्नोई ने बताया कि कपड़ों से ऐसा लगा कि दोनों वकील हो सकते हैं। इसी दौरान एक मृतक के मोबाइल पर किसी को फोन आया।
काॅल करने वाले को उनकी पहचान के लिए बुलाया गया लेकिन वह पहचान नहीं कर पाया। इसके बाद उसने दोनों शवों की फोटो वाट्सएप ग्रुप में डाली तो मेरठ बार के महामंत्री परवेज आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को अधिवक्ता होने से इन्कार किया। काफी प्रयास के बाद दोनों की पहचान हुई। देर रात दोनों के स्वजन भी मेरठ पहुंच गए। थाना प्रभारी का कहना था कि बाइक की रफ्तार तेज थी।
अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार छात्रा की मौत, सहेली चोटिल
मेरठ : मेरठ-हापुड़ हाईवे पर गांव फफूंडा कट के सामने पीछे से आए अज्ञात वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार एक छात्रा की मौत हो गई और उसकी सहेली को मामूली चोट आई।
खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव खासपुर निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मी रानी शास्त्रीनगर स्थित कोचिंग सेंटर में नीट की तैयारी कर रही है। मंगलवार देर शाम छात्रा सहेली के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। जब वह मेरठ-हापुड़ हाईवे स्थित गांव फफूंडा कट के सामने पहुंची तो पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी पर पीछे बैठी लक्ष्मी रानी उछल कर सड़क पर गिरकर घायल हो गई।
वहीं, स्कूटी सवार छात्रा को मामूली चोट आई। छात्रा घायल लक्ष्मी को लोगों की मदद से एनसीआर अस्पताल ले गई। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर मर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी अजय शुक्ला का कहना है कि आरोपित चालक व वाहन की तलाश की जा रही है।
