विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में 5 किमी के दायरे में बनेंगी 640 दुकानें, छह स्थानों पर तैयार होंगे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:48 PM (GMT+05:30)

मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारियों के लिए आवास एवं विकास परिषद और नगर निगम मिलकर 640 दुकानें बनाएंगे।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के प्रभावित व्यापारियों को मिलेंगी 640 दुकानें।

  2. आवास एवं विकास परिषद और नगर निगम मिलकर करेंगे निर्माण कार्य।

  3. दुकानें सेंट्रल मार्केट से पांच किलोमीटर के दायरे में बनेंगी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट प्रकरण में ध्वस्तीकरण की चपेट में आई दुकानों के व्यापारियों के लिए आवास एवं विकास परिषद और नगर निगम 640 दुकानें बनाएंगे। परिषद द्वारा चिन्हित दो स्थानों पर दुकानें बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

परिषद द्वारा तीन स्थानों पर 304 और नगर निगम द्वारा तीन स्थानों पर 336 दुकानें तैयार करने की योजना है। यह सभी स्थल सेंट्रल मार्केट से अधिकतम पांच किलोमीटर की दूरी पर हैं।

शास्त्रीनगर योजना संख्या सात में निर्बल और अल्प आय वर्ग के 486 आवास हैं जिनमें चल रही व्यापारिक गतिविधियां बंद हुई हैं। सेंट्रल मार्केट में बड़े कांप्लेक्सों 130 से अधिक दुकानें हैं जो बंद हो गई हैं या टूट गई हैं। धरने पर बैठी महिलाओं और व्यापारियों ने ऐसी जगह दुकान दिए जाने की मांग की है जहां पर व्यापार चल सके और मौजूद स्थल से पास हो।

शास्त्रीनगर सेक्टर छह रंगोली मंडप के पास सामुदायिक केंद्र का प्रस्तावित स्थल सेंट्रल मार्केट से आधा किलोमीटर दूर है। यहां पर 108 दुकानें बनायी जाएंगी। इसके साथ दूसरे तल पर भव्य सामुदायिक केंद्र भी बनेगा।

जनप्रतिनिधियों ने इनके छह माह में बन कर तैयार होने का दावा किया है। लेकिन धरातल पर जैसी स्थिति उससे इनके बनने में कम से कम एक वर्ष का समय लगेगा। व्यापारी नेता सतीश गर्ग ने बताया अधिकांश छोटे दुकानदारों की दुकानें पहले ही बंद हो गई हैं। उनके सामने परिवार के गुजर बसर का संकट है। एक साल तक उनके भरण पोषण की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए। या इस अवधि तक उन्हें व्यापार का संचालन की अनुमति दी जाए।

सूरजकुंड और नई सड़क में बनकर तैयार हो जाएगा व्यावसायिक कांप्लेक्स

नई सड़क में नगर निगम के नए कार्यालय के पास निर्माणाधीन कांप्लेक्स में 72 दुकानें बन रही हैं। इसी तरह सूरजकुंड पानी की टंकी के पास 40 दुकानें बन रही हैं इन दोनो स्थलों का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा। मेयर के कैंप कार्यालय में 224 दुकानें बनायी जा रही है। इन तीनों कांप्लेक्स की भूमि का कुल मूल्य 97 करोड़ रुपये है।

यहां पर बनेंगी दुकानें

स्थल क्षेत्रफल (वर्गमीटर) दुकानों की संख्या
शास्त्रीनगर हापुड रोड 1272 80
शास्त्रीनगर रंगोली मंडप के पास 3323 112
जागृति विहार 1422 108
नगर निगम द्वारा बनाई जाने वाली दुकानें
नई सड़क 3620 72
सूरजकुंड रोड पानी की टंकी 5485 40
सूरजकुंड मेयर कैंप कार्यालय 6450 224