Move to Jagran APP

सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जल्द शुरू होगा

जागरण प्रश्न पहर में महापौर सुनीता वर्मा ने पाठकों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही कूड़े का डोर टू डोर कलेक्शन शुरू होगा।

By Ashu SinghEdited By: Published: Mon, 15 Oct 2018 11:37 AM (IST)Updated: Mon, 15 Oct 2018 11:41 AM (IST)
सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जल्द शुरू होगा
सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जल्द शुरू होगा
मेरठ (जेएनएन)। नियमित सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जल्द शुरू होगा। सड़कें दुरुस्त कराई जाएंगी। जहां समस्याएं गंभीर होंगी वहां महापौर स्वयं निरीक्षण करने जाएंगी। दैनिक जागरण के कॉलम प्रश्न पहर में रविवार को महापौर सुनीता वर्मा ने कुछ ऐसे ही समाधान का आश्वासन शहरवासियों को दिया। प्रस्तुत हैं प्रश्न व उत्तर के अंश।

हर वार्ड में डस्टबिन रखे गए थे। अब सभी वार्डों से डस्टबिन गायब हैं। कूड़ा उठाने के लिए गाड़ियां भी नहीं आतीं।
अजय सेठी, कोशिश सामाजिक संगठन
-हर वार्ड में कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था की जा रही है। सभी वार्डों में डस्टबिन रखे जाएंगे। गायब डस्टबिन की जांच कराई जाएगी।
गन्ना भवन के पास पार्क में गंदगी है। उसमें एक पेड़ गिर गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
डा. वीपी सिंह, पांडवनगर
-पार्क की सफाई कराई जाएगी। पेड़ गिरने की वजह से जो दिक्कत हो रही है, उसका भी समाधान किया जाएगा।
बागपत रोड स्थित गंगा कालोनी में सफाई नहीं होती। नालियां टूटी पड़ी हैं। कालोनी में एक भी हैंडपंप नहीं है 
पवन गुप्ता
-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। हैंडपंप जल्द लगवाया जाएगा।
ऊंचा सद्दीकनगर में कूड़ा उठाने के लिए कोई नहीं आता। स्ट्रीट लाइट खराब है। हैंडपंप नहीं है।
मो. उमर
-इन सभी समस्याओं का निस्तारण जल्द किया जाएगा। संबंधित विभाग को समाधान के लिए निर्देशित करेंगी।
गंगानगर बी ब्लाक में इंटरलाकिंग टाइल्स उखड़ गई हैं। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं।
अरुण मिश्र
-नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करके समस्या का समाधान कराया जाएगा। इंटरलाकिंग टाइल्स फिर से लगवाई जाएंगी।
श्रद्धापुरी फेस-एक सेक्टर-सात में पार्क में गंदगी है। पार्क की लाइट भी खराब है।
मोहन कुमार
-पार्क की सफाई कराई जाएगी। लाइट भी ठीक कराई जाएगी।
शास्त्रीनगर सेक्टर-छह में पार्कों में कूड़ा पड़ा रहता है। सड़क पर झाड़ नहीं लगती। कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी नहीं आती। नाला भी अटा पड़ा है।
अशोक कुमार
-कूड़ा उठाने के लिए गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। नाले की सफाई के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया जाएगा।
वार्ड-81 तारापुरी में नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। कोई सफाईकर्मी नहीं आता। बीमारी फैल रही है। स्ट्रीट लाइट खराब है। हैंडपंप खराब हैं।
अथर सिद्दीकी व मोबीन
-सफाईकर्मी क्यों नहीं जाते हैं, इसके लिए जवाब-तलब किया जाएगा। नाले की सफाई के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करेंगे। स्ट्रीट लाइट व हैंडपंप की समस्या का हल जल्द हो जाएगा।
नगर निगम कार्यालय से गुजर रहे नाले की सफाई ही नहीं हो रही है, तो शहर का क्या होगा? तेलवाली गली में अभी भी सोडियम लाइट लगी हैं।
नंद किशोर, तेलवाली गली
-यह बड़ा सवाल है कि नगर निगम अपने कार्यालय के पास ही नाला नहीं साफ कर रहा है। संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। लाइट सोडियम की जगह एलक्ष्डी लगवाई जाएगी।
वार्ड 85 व वार्ड 36 के बीच का जो क्षेत्र है वहां सफाईकर्मी नहीं आते। हुमायूं नगर का नाला अटा पड़ा है। कूड़ा भी नहीं उठता।
वसीम सैफी
-अगर सफाईकर्मी नहीं आते और कूड़ा नहीं उठ रहा है तो कार्रवाई होगी। मैं खुद उस क्षेत्र का निरीक्षण करूंगी।
जवाहर नगर में पानी की आपूर्ति नहीं होती। सफाई कर्मचारी नहीं आते। नाला गंदगी से अटा पड़ा है। नगर निगम कुछ काम नहीं कर रहा है।
संजय कुमार
-काम पर ध्यान दिया जा रहा है। अब काम होगा। सभी समस्याओं का निस्तारण होगा।
वार्ड 19 मुरलीपुर में सड़कें खराब हैं। स्ट्रीट लाइट नहीं हैं, जो हैं वे जलती नहीं।
सालिम
-सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। जल्द ही स्ट्रीट लाइट भी ठीक हो जाएंगी।
वार्ड 59 में होटल हारमनी के पीछे जनता नगर में सफाई करने कोई नहीं आता। खुद सफाई करानी पड़ती है।
मुकेश
-संबंधित निरीक्षक से जवाब-तलब किया जाएगा। सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
वार्ड 69 रामनवमी मंदिर डालमपाड़ा में सफाईकर्मी का तबादला होने के बाद दूसरे की तैनाती नहीं की गई। कूड़ा उठाने वाले कर्मी की मौत होने के बाद उसके स्थान पर भी कोई नहीं भेजा गया।
अंकुर
-सफाईकर्मी यदि तैनात नहीं किए गए हैं, तो तैनाती कराई जाएगी। सफाई व कूड़े की समस्या से निजात मिलेगी।
मोहकमपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेस-वन में आइआइए भवन के पास गंदगी है। सफाईकर्मी नहीं आते। यहां छिड़काव भी कराया जाए।
सरित बंसल
-गंदगी की समस्या हल होगी। छिड़काव के लिए भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी से कहा जाएगा।
वार्ड 19 स्थित डाबका गांव में सफाई नहीं होती। पार्षद से कहा गया तो जवाब मिला कि सफाईकर्मी कम हैं।
संजय मलिक
-सफाईकर्मियों व गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर गांव का निरीक्षण खुद करूंगी।
रिठानी की गली नंबर-दो में रास्ता खराब है। 25 साल पहले यह रास्ता बना था। श्मशान घाट का हैंडपंप भी खराब है।
विजय सैनी
-रास्ते का निर्माण कराया जाएगा। हैंडपंप भी ठीक कराएंगे।
ताला फैक्ट्री में डेयरी का पानी भरा रहता है। कूड़े का उठान भी नहीं होता।
अन्नान
-कूड़ा गाड़ी की व्यवस्था की जाएगी। डेयरी का चालान किया जाएगा।
लिसाड़ी रोड समर गार्डन के पास मेन 60 फुटा सड़क पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि वे तालाब बन गए हैं। इससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
मो. इनाम
-मैं उस सड़क को खुद देखने आउंगी। इसका एस्टीमेट तैयार करके निर्माण कराया जाएगा।
यूनिवर्सिटी रोड स्थित अशोक नगर गली नंबर-दो में मार्च के बाद नाली की सफाई नहीं हुई। कोई कर्मी नहीं आता।
हितेश राम
-सफाई कराई जाएगी। जवाब-तलब किया जाएगा कि किसके स्तर से लापरवाही हो रही है।
जागरण के पांच सवाल
1. शहर की तमाम दिक्कतों पर नगर निगम के अधिकारियों का रवैया मनमानी वाला रहा है। आपने भी कई बार कहा कि आपकी बात नहीं सुनी जाती। क्या कुछ बदलाव आया है या अब भी मनमानी चल रही है?
-अब अधिकारियों में बदलाव आया है। सहयोग करने लगे हैं। छह माह तक किस तरह से परेशान किया गया पूरा शहर और जिला जानता है। (उनका इशारा पति व पूर्व विधायक योगेश वर्मा के जेल में रहने के दौरान हुई परेशानी की तरफ था) अब महापौर का काम दिखाई देगा।
2. शहर में कूड़ा निस्तारण सबसे बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए क्या हो रहा है?
-गांवड़ी में कूड़ा निस्तारण प्लांट का प्रोजेक्ट लंबित था। मैंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा, जिसके बाद इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है। जल्द काम शुरू होगा। मंगतपुरम कूड़ा निस्तारण के लिए कंपनियों के चयन की प्रक्रिया जारी है।
3. डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सभी वार्डों में कब से शुरू होगा? जहां गाड़ियां जा रही हैं, वहां भी खानापूर्ति की शिकायतें आ रही हैं।
-दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक सभी 90 वार्डो में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू हो जाएगा। जिन वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू है, यदि वहां गाड़ियां नहीं जा रही हैं या फिर कूड़ा भरने में परेशान किया जाता है तो उस मनमानी को दूर किया जाएगा। जीपीआरएस से भी नियंत्रण रखा जाएगा।
4. अतिक्रमण की वजह से शहर जाम से जूझता रहता है। इसके लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं?
-समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। इसमें पुलिस की भी मदद ली जाती है। ऐसे क्षेत्र चिह्न्ति किए जाएंगे जहां अतिक्रमण जाम की वजह बनता है। वहां अभियान चलाया जाएगा।
5. आवारा कुत्ते पकड़े जा रहे हैं न नसबंदी हो रही है। नगर निगम के अधिकारी जवाब देते हैं कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की वजह से आवारा कुत्ते पकड़े नहीं जा सकते। पर लगता है कि कोर्ट के आदेश को अफसरों ने ठीक से पढ़ा ही नहीं है। नगर निगम सीधे तौर से जिम्मेदारी से बच रहा है। बंदरों को लेकर भी शहर परेशान है।
-आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निगम में गैंग बनाया जा रहा है। पशु चिकित्सक का भी सहयोग लिया जाएगा। पकड़ने के बाद इन कुत्तों का क्या करना है, उसके लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अध्ययन किया जाएगा, उसमें जो भी निर्देश होंगे उसी के अनुसार कदम उठाया जाएगा।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.