Meerut News: शपथ के बाद अब शहर के विकास की बारी, सीएम योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मिलेंगे मेयर और नगरायुक्त
प्रदेश के 17 नगर निगम के महापौर और नगर आयुक्त लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रखी गई एक कार्यशाला में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जून को महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगर आयुक्त डॉक्टर अमित पाल शर्मा को लखनऊ में बुलाया है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ में नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब शहरी विकास को लेकर चर्चा की बारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ बुलाया है। लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक कार्यशाला रखी गई है। जिसमें मेरठ समेत प्रदेश के 17 नगर निगमों के महापौर और नगर आयुक्त शामिल होंगे। जानकार बताते हैं कि इस कार्यशाला में नगर निकायों में किन विकास कार्य को प्राथमिकता पर रखना है और उन्हें समय बद्ध तरीके से क्रियान्वित करना है। इन विषयों पर चर्चा होगी।
स्मार्ट सिटी के कार्यों पर होगी चर्चा
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव समेत सभी बड़े अधिकारी भी मौजूद होंगे। स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के क्रियान्वयन और उनके प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। बरसात के मौसम से पहले नाला सफाई पर विशेष जोर दिया जायेगा। नगर निगम कैसे आत्म निर्भर बन सकें। निगमों की आय व्यय पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
लंबित प्रस्तावों पर भी चर्चा के आसार
नगर आयुक्त को कार्यशाला में पूरी तैयारी के साथ बुलाया गया है। जो भी प्रस्ताव या परियोजनाएं लंबित हैं। कार्यशाला में निगम के कामकाज के तौर तरीको पर भी फोकस किया जाएगा। नवनिर्वाचित महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगर आयुक्त डॉक्टर अमित पाल शर्मा कार्यशाला में हिस्सा लेंगे।