विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मास्टर वैभव टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के 'रण' के लिए मेरठ तैयार, खिताब के लिए भिड़ेंगी UP की आठ टीमें

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 09 Sep 2026 04:02 PM (IST)

Meerut News: मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियनशिप 12 सितंबर से गांधी बाग में शुरू होगी। ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियनशिप 12 सितंबर से मेरठ में।

  2. उत्तर प्रदेश की आठ टीमें खिताब के लिए गांधी बाग में भिड़ेंगी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन (एमडीसीए) की ओर से 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियनशिप 2026-27 का आगाज 12 सितंबर से गांधी बाग मैदान पर होगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सहयोग से इस टूर्नामेंट में मेरठ समेत प्रदेश की आठ टीमें खिताब के लिए टी-20 क्रिकेट का रोमांच पेश करेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन 12 सितंबर को सुबह आठ बजे गांधी बाग में होगा।

प्रतियोगिता में टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में एमडीसीए मेरठ (रेड), डीसीएए क्रिकेट एसोसिएशन आगरा, गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन और मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन को रखा गया है। वहीं ग्रुप-बी में एमडीसीए मेरठ (ब्लू), क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ, डीएसए मुरादाबाद और अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीमें शामिल हैं।

टूर्नामेंट के लीग चरण में 12 मुकाबले खेले जाएंगे। ग्रुप-ए का पहला मुकाबला 12 सितंबर को सुबह आठ बजे एमडीसीए मेरठ रेड और मुजफ्फरनगर के बीच होगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे गाजियाबाद और आगरा आमने-सामने होंगे। ग्रुप-ए के मुकाबले 12 से 14 सितंबर तक होंगे, जबकि ग्रुप-बी में 15 से 17 सितंबर तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे।

ग्रुप-बी में मेरठ ब्लू की पहली टक्कर 15 सितंबर को अलीगढ़ से होगी। इसके बाद 16 सितंबर को मेरठ ब्लू का सामना डीएसए मुरादाबाद से और 17 सितंबर को क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ से होगा। सभी लीग मुकाबले गांधी बाग मैदान पर ही खेले जाएंगे।

लीग चरण के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। 18 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में ग्रुप-ए की नंबर एक टीम का मुकाबला ग्रुप-बी की नंबर दो टीम से सुबह आठ बजे होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप-बी की नंबर एक और ग्रुप-ए की नंबर दो टीम दोपहर 12 बजे आमने-सामने होंगी।

खिताबी मुकाबला 19 सितंबर को सुबह नौ बजे गांधी बाग में खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल के विजेता ट्राफी के लिए अंतिम भिड़ंत करेंगे। यानी चार दिनों के लीग चरण के बाद सेमीफाइनल और फिर फाइनल में बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों, गेंदबाजों की धार और दबाव में प्रदर्शन से चैंपियन का फैसला होगा।

टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी आयोजन चेयरमैन स्पर्श सिंह और आयोजन सचिव सुभाष चंद शर्मा संभाल रहे हैं। राकेश गोयल कोषाध्यक्ष और सुरेंद्र चौहान एमडीसीए सचिव हैं। आयोजन समिति की ओर से सभी टीमों को काली लोअर लाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि मैचों के लिए रंगीन टी-शर्ट आयोजन समिति उपलब्ध कराएगी।

f5

एक नजर में टूर्नामेंट की जानकारी

  • आयोजक : मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन
  • प्रतियोगिता : 17वीं मास्टर वैभव टी-20 चैंपियनशिप 2026-27
  • उद्घाटन : 12 सितंबर, सुबह 8 बजे
  • लीग चरण: 12 से 17 सितंबर
  • सेमीफाइनल: 18 सितंबर
  • फाइनल: 19 सितंबर, सुबह 9 बजे
  • स्थान: गांधी बाग, मेरठ
  • कुल टीमें: 8
  • कुल ग्रुप: 2