बुलंदशहर : प्रेमिका के सामने युवक ने लगाई थी फांसी, प्रेमिका ने एक बार भी नहीं रोका, उल्टा फोन लेकर हुई फरार
Suicide case in Bulandshahr गांव धर्मपुर रोड स्थित जंगल में एक गोदाम में जिस युवक का पेड़ पर लटका हुआ शव मिला था। उसका पुलिस ने राजफाश कर दिया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। गांव धर्मपुर रोड स्थित जंगल में एक गोदाम में जिस युवक का पेड़ पर लटका हुआ शव मिला था। उसका पुलिस ने राजफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने समीप के गांव की एक युवती को गिरफ्तार किया है। इस युवती से युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। मरने वाले दिन युवक और युवती दोनों इस गोदाम में मिले थे। युवक ने युवती से कहा था कि वह उससे शादी नहीं कर सकता, लेकिन युवती दबाव बना रही थी। जिसके बाद उसने अपनी प्रेमिका के सामने ही फांसी लगा दी। प्रेमिका ने एक बार भी उसे नहीं रोका। उल्टे उसका फोन लेकर गायब हो गई। जिस कारण युवती को आत्महत्या का दोषी मानते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पेड़ पर लटका मिला था शव
डिबाई थानाक्षेत्र के गांव पला कसेर निवासी 22 वर्षीय सिंटू पुत्र रामवीर ने धर्मपुर रोड स्थित एक गोदाम में लगे पेड़ पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। युवक 28 अगस्त से लापता था। दो सितंबर को उसका शव मिला था। पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ डिबाई वंदना शर्मा ने बताया कि मृतक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई गई। जिसमें मृतक की सबसे अधिक बातचीत गांव नंगला छत्तू निवासी 24 वर्षीय कुसमा के साथ पाई गई। कुसमा से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका सिंटू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवक ने शादी के लिए किया था मना तो हुआ विवाद
दो सितंबर को सिंटू ने उसे मिलने के लिए गोदाम पर बुलाया था। इस दौरान सिंटू ने कुसमा से कहा कि वह उससे शादी नहीं करेगा। उसके परिजन किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहे हैं। जिसके बाद कुसमा ने सिंटू पर शादी का दबाव बनाया। कुसमा ने पुलिस को बताया कि उसने उसके सामने ही एक रस्सी उठाई और पेड़ में बांधकर लटक गया। कुसमा ने मरने के बाद सिंटू की जेब से मोबाइल निकाला और अपने घर चली गई। इस बारे में उसने किसी को नहीं बताया। सीओ वंदना शर्मा ने बताया कि कुसमा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।