महाशिवरात्रि पर्व: रिमझिम बारिश के बीच भोलेनाथ का हुआ जलाभिषेक, भक्त बोले हर हर भोले Meerut News
शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच भक्तों ने भगवान शिव को जल चढ़ाकर जयकारे लगाए। इस दौरान बारिश के बीच में घंटों कतार में खड़े रहकर महाशिवरात्रि पर्व का आंनंद लिया।
मेरठ, एनएन। महाशिवरात्रि के पर्व पर इंद्रदेव ने भगवान शिव का अभिषेक करने से पहले ही भक्तों को रिमझिम बहारों से सराबोर कर दिया। बावजूद इसके भोले के भक्तों अविचल भाव से औघड़नाथ मंदिर में कतारों में खड़े रहे न ही कोई भगदड़ हुई है और ना ही भक्तों ने बारिश से बचने का कोई विशेष जतन किया। निश्चल भाव से भक्त अपने स्थान पर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्त पहुंचने शुरू हो गए थे यह सिलसिला जारी रहा।
उत्साह में सराबोर हुए भक्त
भगवान शिव का उत्सव शुक्रवार को आस्था और उत्साह से मनाया गया। शहर के प्रमुख बाबा औघड़नाथ के मंदिर के कपाट आरती और पूजन के बाद सुबह 4:00 बजे से खोल दिए गए थे। भगवान घर में फूल बंगला सजाया गया था। मौसम खराब होने के बावजूद सुबह के आरती के समय खाफी संख्या में भक्त मौजूद रहे। उसके बाद 8:00 बजे से मंदिर में पुनः भक्तों की कतार लग गई। बच्चे युवक युवती, महिला और पुरुष हर आयु वर्ग के लोगों में भगवान शिव के अभिषेक को लेकर खासा उत्साह नजर आया। भगवान शिव को प्रिय बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भक्तों ने उनका पूजन किया। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद मंदिर के बाहर 300 मीटर तक भक्तों की कतार दोपहर एक बजे तक लगी रही।
दयालेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 108 फलों के अर्चन से शिव का पूजन हुआ। यहां पर सामूहिक रुद्राभिषेक हुआ। सदर बिल्वेश्वर महादेव मंदिर और केसरगंज स्थित झारखंडी महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। भगवान शिव और पार्वती के विवाह का दिन भी महाशिवरात्रि को माना जाता है पुण्य अवसर पर काफी संख्या में भक्तों ने व्रत भी रखा। जगह-जगह ठंडाई का वितरण हुआ। जिसे भक्तों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। महाशिवरात्रि पर रात भर मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना का दौर चलेगा।
जगह-जगह शिव की हुई अराधना
बिजनौर, सहारनुर और मुज्जफ्फरनगर आदि जगहों पर भी महाशिवरात्रि पर्व पर भक्तों ने भगवान शिव की अराधना व पूजन किया। इस दौरान भक्तों ने भगवान शिव को बेल पत्र, धतुरा, भांग आदि चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगी। साथ ही नगीना में रिमझिम बारिश के बीच बड़ा मंदिर श्री मुक्तेश्वरनाथ पर जलाभिषेक करने बर्फानी कांवड जत्था पंहुचा। वहीं मुज्जफ्फरनगर में भी भगवान शिव को जल चढ़ाया गया।
लंबी कतार में खड़े रहे भक्त
बारिश के बीच भी भक्तों का उत्साह बढ़ता जा रहा था और देखते ही देखते एक लंबी कतार लग गई। शहर के सभी मंदिरों में भक्तों ने उत्साह और शांति से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। रिमझिम बारिश के बीच भी भक्तों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक ने भगवान शिव का जलाभिषेक करने में तत्परता दिखाई।